टनकपुर: उजाले की ओर ले जा रहा बाराही धाम का दीपोत्सव
टनकपुर, अमृत विचार। जनपद चम्पावत के बाराही धाम देवीधुरा में प्रतिवर्ष रक्षाबंधन के दिन परमाणु युग में होने वाले पाषाण युद्ध के कारण इस धाम की ख्याति देश में ही नहीं विदेशों में भी हुई। इस बात की पुष्टि इस बात से होती है कि यहां होने वाले बगवाल के गवाह बनने के लिए विदेशों …
टनकपुर, अमृत विचार। जनपद चम्पावत के बाराही धाम देवीधुरा में प्रतिवर्ष रक्षाबंधन के दिन परमाणु युग में होने वाले पाषाण युद्ध के कारण इस धाम की ख्याति देश में ही नहीं विदेशों में भी हुई। इस बात की पुष्टि इस बात से होती है कि यहां होने वाले बगवाल के गवाह बनने के लिए विदेशों से लोग आते हैं। अब इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए यहां के युवाओं ने मां बाराही दीपोत्सव का आयोजन कर लोगों को रचनात्मक, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों से जोड़ने का बीड़ा उठाया है।
इस वर्ष जहां ज्योति पर्व के अवसर पर हजारों लोगों द्वारा इकावन हजार दीपों को प्रज्वलित करने के बाद अब चार नवंबर से आठ नवंबर मां बाराही दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें रंगारंग कार्यक्रमों के अलावा खेल व अन्य शिक्षाप्रद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दीपोत्सव समिति के अध्यक्ष प्रवीण जोशी का कहना है कि दीपोत्सव का मुख्य उद्देश्य सामाजिक विकृतियों की ओर से लोगों का ध्यान हटाकर उन्हें संगठित प्रयास से रचनात्मक कार्यों के लिए उनकी सहभागिता कराना है।
इस कार्य के लिए बकायदा समिति का गठन किया गया है जिसमें बुजुर्गों के आशीर्वाद को लेकर सभी युवाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाराही मंदिर कमेटी के अलावा सभी व्यापारी, ग्रामीण, जन प्रतिनिधि, समाजसेवी, कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी आदि लोग अपना सहयोग दे रहे हैं। दीपोत्सव का उद्घाटन कराने के लिए सुबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है जिसके लिए समिति के राजू बिष्ट, एल.डी जोशी, देवीधुरा के ग्राम प्रधान ईश्वर सिंह एवं नवीन राणा देहरादून गए हैं।
बाराही धाम को लगातार ऊंचाइयों तक ले जा रहे मंदिर कमेटी के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया का कहना है कि दीपोत्सव से बाराही धाम को नई पहचान मिलेगी। दीपोत्सव में लडवाल फाउंडेशन के चेयरमैन नरेंद्र सिंह लडवाल की ओर से वॉलीबॉल तथा गीतांजलि सेवा संस्थान के अध्यक्ष सतीश चंद्र पांडेय की ओर से कैरम प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है
जबकि अन्य प्रतियोगिता समिति द्वारा संचालित की जाएंगी। इस आयोजन को भव्य व ऐतिहासिक बनाने के लिए चंदन बिष्ट, विक्रम कठायत, अमित लमगड़िया, तारा चम्याल, मनोज कठायत, नरेंद्र बिष्ट, विशन चम्याल, हयात सिंह बिष्ट, विनोद चम्याल, नवीन राणा, शोवन सिंह, रमेश राणा, मोहन सिंह बिष्ट, जीत सिंह चम्याल, दीपक बिष्ट, वन क्षेत्राधिकारी हिमालय सिंह टोलिया आदि तमाम लोग जुटे हुए हैं। दीपोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम का प्रदर्शन करने के लिए यहां नामी सांस्कृतिक दलों के आने की सहमति मिल चुकी है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष खीम सिंह लमगड़िया के अनुसार समिति इस आयोजन में युवाओं को हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है।
