मुरादाबाद: महिला अस्पताल में आयुष्मान के मरीजों के लिए बढ़ी बेड की संख्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लाभार्थियों की सुविधा के लिए अब नई बिल्डिंग में भी आठ बेड का नया कमरा तैयार हो गया है। यह आयुष्मान लाभार्थी मरीजों के लिए आरक्षित है, इसमें अन्य किसी गर्भवती को भर्ती नहीं किया जाएगा। पुराने भवन में आयुष्मान योजना के …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लाभार्थियों की सुविधा के लिए अब नई बिल्डिंग में भी आठ बेड का नया कमरा तैयार हो गया है। यह आयुष्मान लाभार्थी मरीजों के लिए आरक्षित है, इसमें अन्य किसी गर्भवती को भर्ती नहीं किया जाएगा।

पुराने भवन में आयुष्मान योजना के लाभार्थी मरीजों के लिए चार बेड आरक्षित था। जगह कम पड़ने के चलते इसे बढ़ाने की जरूरत देखते हुए नई बिल्डिंग में अब आठ बेड का कमरा आयुष्मान योजना के मरीजों के लिए तैयार कराया गया।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि पुरानी बिल्डिंग में आयुष्मान लाभार्थी के लिए चार बेड का कमरा पहले से बना था। कभी-कभी अस्पताल की नई बिल्डिंग में होने वाले ऑपरेशन के बाद आयुष्मान लाभार्थी को पुरानी बिल्डिंग में लाना पड़ता था। मरीजों की सुविधा के लिए नई बिल्डिंग में भी आयुष्मान लाभार्थी के लिए कमरा बना दिया गया है। ऐसे में नई बिल्डिंग में अगर किसी आयुष्मान लाभार्थी का इलाज होता है तो उसके ठहरने की व्यवस्था वहीं मिल जाएगी।

अस्पताल में हर महीने 20 आयुष्मान लाभार्थी इलाज के लिए आती हैं। ऐसे में उनकी सुविधा का पूरा ध्यान यहां रखा जाता है। अगर किसी महिला के इलाज के लिए निजी डॉक्टर या अस्पताल के बाहर से दवा की जरूरत पड़ती है तो उसकी भी व्यवस्था अस्पताल प्रशासन करता है।

नई बिल्डिंग में आयुष्मान वार्ड में भर्ती गुलफ्शा ने बताया कि उसे अमरोहा से यहां रेफर किया गया था। वह आठ दिन से वार्ड में हैं। यहां उसे किसी भी तरह की समस्या स्टाफ की ओर से नहीं हुई। उसने कहा कि मेरे दो बेटों के बाद तीसरी बेटी हुई है। यहां के स्टाफ ने मेरी काउंसलिंग की। मैंने यहीं पर नसबंदी भी करा ली है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: बार एसोसिएशन एण्ड लाईब्रेरी के वार्षिक चुनाव की तैयारियां पूर्ण, 70 उम्मीदवार अजमा रहे अपना भाग्य

संबंधित समाचार