सुस्त कार्यशैली : अफसरों का आदेश ऐसे उड़ा देती है थाने चौकी की पुलिस
अमृत विचार,अयोध्या। कानून व्यवस्था की बेहतर तस्वीर प्रस्तुत करने के लिए रिपोर्ट दर्ज न करने का खेल आम है। सामान्य मामलों की बात ही क्या, अदालत का आदेश होने के बावजूद पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आना-कानी करती है । ऐसे ही 2 मामलों में आदेश के बावजूद रिपोर्ट न दर्ज होने पर अदालत ने …
अमृत विचार,अयोध्या। कानून व्यवस्था की बेहतर तस्वीर प्रस्तुत करने के लिए रिपोर्ट दर्ज न करने का खेल आम है। सामान्य मामलों की बात ही क्या, अदालत का आदेश होने के बावजूद पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आना-कानी करती है । ऐसे ही 2 मामलों में आदेश के बावजूद रिपोर्ट न दर्ज होने पर अदालत ने कैंट थाना प्रभारी को व्यक्तिगत रूप से तलब किया।
तब जाकर कैंट पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की थी। वहीं नगर कोतवाली पुलिस डीआईजी, एसएसपी और सीओ की ओर से निर्देश दिए जाने के बावजूद चोरी के एक मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही। पीड़िता दो माह से माल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए इस अधिकारी से उस अधिकारी के चौखट पर चक्कर काट रही है।
नगर कोतवाली के देवकाली क्षेत्र स्थित नेवातीपुरा में आरजू बानो पत्नी जफर एक किराए के मकान में अपनी 4 वर्षीय बच्ची के साथ रहती है। उसका पति रोजगार के सिलसिले में दुबई में है। शिकायत के मुताबिक 4 सितंबर की शाम उमस और गर्मी के चलते वह अपनी बच्ची को छत पर टहला रही थी। इसी दौरान पड़ोसी किराएदार सद्दू और उसकी पत्नी गुलिश्ता ने उसके कमरे से 80 हजार नकद, सोने का दो बुंदा, नथिया, मंगलसूत्र तथा चांदी का टीका, झूमड़ व अंगूठी पार कर दिया और बच्ची का गुल्लक बदल लिया।
जिसमें उसकी पढ़ाई- लिखाई के लिए 7000 रुपये रखे थे। पीड़िता का कहना है कि अगले दिन उसने शिकायत चौकी पुलिस को दी तो पुलिस ने उसके भाई तथा दोनों आरोपियों को चौकी बुलाया और शाम तक बिठाए रखने के बाद छोड़ दिया। 6 सितंबर को उसने शिकायत एसएसपी तथा 8 सितंबर को डीआईजी को दी।
एसएसपी ने सीओ सिटी को मामले की जांच तथा एफआई आर दर्ज कराने का निर्देश दिया। 1 अक्टूबर को सीओ सिटी ने पीड़िता को अपने कार्यालय बुलाया और बयान दर्ज किया। मामले में चौकी प्रभारी को कार्रवाई तथा नगर कोतवाली पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। हालांकि अभी तक लगभग 2 माह बीतने के बावजूद चोरी के इस मामले में ना तो रिपोर्ट दर्ज हुई और न ही कोई कार्रवाई हुई। सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह का कहना है कि चौकी प्रभारी देवकाली को तलब कर उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली है। नगर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया था। फिर से रिमाइंडर भिजवाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- मनमानी : तबादले के दो माह बाद भी चौकी पर ड्यूटी कर रहा सिपाही
