डेंगू का डंक : जिले में सामने आए तीन मरीज, एक रेफर, कई के सैंपल भेजे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, कन्नौज। मौसम में बदलाव के साथ ही मौसमी बुखार, जुकाम के मरीजों की संख्या में भारी उछाल आया है। जिला अस्पताल में ओपीडी में डॉक्टरों को दिखाने के लिए मारामारी की नौबत है। शनिवार को जांच के बाद तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई जबकि कई के नमूने लेकर जांच के लिए …

अमृत विचार, कन्नौज। मौसम में बदलाव के साथ ही मौसमी बुखार, जुकाम के मरीजों की संख्या में भारी उछाल आया है। जिला अस्पताल में ओपीडी में डॉक्टरों को दिखाने के लिए मारामारी की नौबत है। शनिवार को जांच के बाद तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई जबकि कई के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। हालांक सीएमएस का कहना है कि वायरल फीवर का इन दिनों प्रकोप चल रहा है तो ऐसे में उनके खून की जांच में भी प्लेटलेट्स की संख्या कम निकल रही है। उनका कहना है कि इस मौसम में सावधानी बेहद जरूरी है।

इस समय दिन के समय गर्मी और सुबह-शाम सर्दी हो रही है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के कारण लोग जुकाम-बुखार के साथ ही वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। संचारी रोग नियंत्रण के लिए छिड़काव ठीक से न होने का नतीजा है कि इन दिनों मच्छरों की आबादी में खासी बढ़ोतरी हुई है। इस कारण जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में खासी बढ़त हुई है। इसमें भी ज्यादातर मरीज मौसमी बुखार, जुकाम के अलावा वायरल के हैं। शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में तीन मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए। इसमें से दो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि एक को रेफर कर दिया गया।

डेंगू की चपेट में आने वालों में अनामिका पुत्री मनोज कुमार (20) निवासी तुलापुरवा (प्लेटलेट्स संख्या 160000), अर्चना पत्नी जितेंद्र पाल (27), रेशमा पत्नी वीरेंद्र सिंह (45) दोनों निवासी सलेमपुर तारा बांगर हैं। वहीं वायरल बुखार पीड़ित बानो पत्नी इस्तराज (35) निवासी रिजगिर की प्लेटलेट्स घटकर 20000 रह गईं हैं लेकिन रिपोर्ट डेंगू निगेटिव आई है।

इसी तरह छून्नू पुत्र मलिक खान (25) निवासी महादेवा इंदरगढ़ की प्लेटलेट्स घटकर 54000, शहनाज पत्नी शाहिद (22)निवासी घमाइचमऊ की 54000 फुलमती पत्नी रामप्रकाश (45) निवासी सलेमपुर तारा बगार की प्लेटलेट्स घटकर 59000 रह गईं हैं। इन सभी के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

इससे पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के अलियापुर निवासी अशोक व टकरपुर निवासी दीपेंद्र डेंगू पॉजिटिव मिले थे। शुक्रवार तक जिले में नौ केस डेंगू के मिलने की खबर है। वहीं तकरीबन 90 मरीजों के सैंपल लिए जा चुके हैं। डॉक्टर बताते हैं कि डेंगू की पुष्टि एलाइजा टेस्ट से होती है। रैपिड टेस्ट की जांच मान्य नहीं है।

इस संबंध में सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने बताया कि जिला अस्पताल में डेंगू के दो वार्ड बनाए गए हैं। इसमें ऊपर की मंजिल में छह जबकि भूतल पर आठ बेडों की व्यवस्था है। इसके साथ ही 10 बेड रिजर्व में हैं। जरूरत पड़ने पर इन को भी डेंगू वार्ड में परिवर्तित कर दिया जाएगा। जानकारी दी कि शनिवार की ओपीडी में कुल 527 मरीजों के पर्चे बनाकर दवा दी गई। इनमें अधिकांश मरीज जुकाम-बुखार या फिर वायरल रहे। बदलते मौसम में बच्चे व बुजुर्ग ज्यादा बीमार हो रहे हैं।

सावधानी बरतने की जरूरत : सीएमएस

सीएमएस ने सलाह दी कि चूंकि इस समय मौसम बदल रहा है तो ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है। दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।

डेंगू का मच्छर दिन में काटता है और साफ पानी में पनपता है। इसलिए पहले तो पानी जमा न होने दें और इसके साथ ही पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। इसके अलावा मच्छर विरोधी लेप लगाएं। दिन में भी सावधानी बरतन की जरूरत है। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें तो बेहतर होगा।

यह भी पढ़ें:- डेंगू का डंक : बीकापुर में एक की मौत, सोहावल में 11 मरीज मिले

संबंधित समाचार