मुरादाबाद: खनन माफिया और प्रधान की 1.45 करोड़ की संपत्ति जब्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। पुलिस प्रशासन ने शनिवार को अवैध खनन में पकड़े गए डंपर को छुड़ाने के प्रकरण में जेल में बंद खनन माफिया और फौलादपुर के ग्राम प्रधान रईस अहमद की एक करोड़ 45 लाख तीन हजार 27 रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया। पुलिस प्रशासन ने यह कार्रवाई डीएम के आदेश पर …

मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। पुलिस प्रशासन ने शनिवार को अवैध खनन में पकड़े गए डंपर को छुड़ाने के प्रकरण में जेल में बंद खनन माफिया और फौलादपुर के ग्राम प्रधान रईस अहमद की एक करोड़ 45 लाख तीन हजार 27 रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया। पुलिस प्रशासन ने यह कार्रवाई डीएम के आदेश पर की है।

एसडीएम अजय कुमार गौतम, सीओ अपेक्षा निम्बाडिया, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह और थाना प्रभारी डिलारी ने पुलिस बल की मौजूदगी में ग्राम प्रधान की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की। जब्त की गई संपत्ति में ग्राम प्रधान के दो मकान, दो ट्रैक्टर-टिपलर, कृषि भूमि और बैंक में जमा धनराशि शामिल है।

13 सितंबर को एसडीएम परमानंद सिंह और खनन अधिकारी अशोक कुमार नगर में काशीपुर रोड पर उत्तराखंड से आने वाले खनन के वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अवैध खनन से भरे कुछ डंपर पकड़े थे। जिन्हें खनन माफिया ने दोनों अधिकारियों को बंधक बनाकर जबरन छुड़ा लिया था। खनन अधिकारी ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कराया था।

इस मामले में पुलिस 19 लोगों को गिरफ्तार कर उन पर गैंगस्टर की कार्रवाई कर चुकी है। डीएम ने पुलिस की रिपोर्ट पर सुनवाई के बाद सभी पकड़े खनन माफिया की चल अचल संपत्ति को गलत तरीके से कामना बताकर उसको जब्त करने के आदेश जारी किए। इसके बाद शनिवार को ग्राम प्रधान की संपत्ति जब्त कर ली गई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की संपत्ति को आदेश मिलने पर जब्त किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- रामपुर: ‘मैंने नहीं सुना आजम खां का भड़काऊ भाषण’

संबंधित समाचार