अयोध्या: छात्रा को युवक ने सरेराह मारे थप्पड़, वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस, दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
अयोध्या, कुमारगंज। विद्यालय जा रही कक्षा 11 की एक छात्रा को सरेराह थप्पड़ मारने व गाली- गलौज करते हुए जान से मार डालने की धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो समाजसेवियों द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस के ट्विटर हैंडल पर अपलोड करने के बाद स्थानीय पुलिस की नींद टूटी। इसके …
अयोध्या, कुमारगंज। विद्यालय जा रही कक्षा 11 की एक छात्रा को सरेराह थप्पड़ मारने व गाली- गलौज करते हुए जान से मार डालने की धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो समाजसेवियों द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस के ट्विटर हैंडल पर अपलोड करने के बाद स्थानीय पुलिस की नींद टूटी। इसके बाद पीड़ित छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद युवक सहित दो अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश अब भी जारी है।
कुमारगंज थाना क्षेत्र स्थित एक गांव से कक्षा 11 में पढ़ने वाली एक छात्रा साइकिल से बीते 29 अक्टूबर को प्रात करीब 8:45 बजे स्कूल जा रही थी। एक देवी माता स्थल के पास वह पहुंची थी कि पहले से ही बाइक खड़ी कर घात लगाए खड़े युवक सूरज सिंह निवासी अमावा छीटन ने छात्रा की पिटाई शुरू कर दी। युवक ने छात्रा को जमकर गालियां दी और पूरे परिवार को मार डालने की धमकी भी दे डाली थी। प्रधानाचार्य ने छात्रा को उसके परिवारीजनों के साथ कुमारगंज थाने जाकर शिकायत करने की सलाह दी थी।
पीड़िता ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करना मुनासिब नहीं समझा। घटना के संबंध में जब चौकी प्रभारी एनडीए संतोष कुमार मौर्य से जानकारी चाही गई तो उन्होंने कहा कि मुकदमा थानाध्यक्ष के आदेश पर लिखा जाता है उन्हीं से जानकारी प्राप्त कर लीजिए। इधर वीडियो के आग की तरह फैलते ही जिले के पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
घटना के दूसरे दिन पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार, क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी के साथ कुमारगंज थाने पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मामले में पीड़ित छात्रा की तहरीर पर एक नामजद युवक सूरज व दो अन्य अज्ञात युवकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें एक नाबालिग सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश अब भी जारी है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: दो सगी बहनों ने गांव के ही तीन युवकों पर लगाया घर में घुसकर मारपीट और अश्लील हरकत करने का आरोप
