हल्द्वानी: मेयर की बैठक में लिया एक नवंबर से नहर कवरिंग कार्य शुरू करने का फैसला
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम से नवाबी रोड तक नहर कवरिंग कार्य को जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों ने कमर कस ली है। इसको लेकर रविवार को मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला ने नगर निगम में आकस्मिक बैठक बुलाई। मेयर ने बताया कि एक नवंबर से नहर कवरिंग कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा। बीते शनिवार …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम से नवाबी रोड तक नहर कवरिंग कार्य को जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों ने कमर कस ली है। इसको लेकर रविवार को मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला ने नगर निगम में आकस्मिक बैठक बुलाई। मेयर ने बताया कि एक नवंबर से नहर कवरिंग कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा।
बीते शनिवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के निरीक्षण के बाद सभी विभागों के अधिकारी हरकत में आ गये हैं। आयुक्त ने नहर कवरिंग कार्य में लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। जिसके बाद अधिकारी लंबित पड़े कार्यों को पूरा कराने में जुट गये हैं।
रविवार को नगर निगम कार्यालय में बैठक के दौरान मेयर डॉ. रौतेल ने मल्ला व तल्ला गोरखपुर वार्ड के लोगों की समस्याएं सुनी। लोगों ने नहर कवरिंग कार्य पूरा न होने से हो रही परेशानियों से मेयर को अवगत कराया। जिस पर मेयर रौतेला ने बताया कि कार्य एक नवंबर से शुरू कर दिया जायेगा। कार्य के लिए टेंडर पूर्व में ही हो चुका है। इस दौरान पार्षद धीरेंद्र रावत, नेता प्रतिपक्ष निगम रवि जोशी, पूर्व पार्षद दिनेश बिष्ट, विनोद जयसवाल, देवेंद्र बिष्ट, देवेंद्र अधिकारी आदि मौजूद थे।
