बदायूं: घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
बदायूं/ओरछी, अमृत विचार। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कनुआ खेड़ा निवासी 63 वर्षीय जावित्री देवी की शनिवार रात धारदार हथियार से हमलाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। रविवार दोपहर उनका शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा मिला। जावित्री घर में अकेली रहती थीं। उनके दो बेटों को हत्या के आरोप में उम्र कैद …
बदायूं/ओरछी, अमृत विचार। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कनुआ खेड़ा निवासी 63 वर्षीय जावित्री देवी की शनिवार रात धारदार हथियार से हमलाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। रविवार दोपहर उनका शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा मिला। जावित्री घर में अकेली रहती थीं। उनके दो बेटों को हत्या के आरोप में उम्र कैद हो चुकी है। एक बेटा होमगार्ड में है, जो चंदौसी में रहता है। चौथा बेटा मुरादाबाद में रहता है। इस घटना का पता लगने पर एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने भी नमूने लिए। परिवार वाले घटना के पीछे पुरानी रंजिश बता रहे हैं।
ये भी पढे़ं- बदायूं: अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत, परिवार में पसरा मातम
जावित्री देवी के पति अमर सिंह की मौत हो चुकी है। उनका सबसे बड़ा बेटा धर्मवीर होमगार्ड में है, जो अपने परिवार समेत चंदौसी में रहता है। हालांकि उसकी डयूटी एसडीएम बिसौली के यहां लगी है। दूसरे नंबर का सत्यवीर मुरादाबाद में रहकर मजूदरी करता है। बाकी दो किशन सिंह और विक्रम सिंह उसी गांव की एक लड़की को जलाकर हत्या करने के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। जावित्री देवी कनुआ खेड़ा गांव स्थित पुस्तैनी मकान में अकेली रहती थीं।
रविवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे जावित्री देवी के घर के पास खाली पड़ी जमीन पर गांव के कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। उसी दौरान गेंद जावित्री के घर के अंदर जा गिरी। उनके घर का दरवाजा खुला था, जिससे दो गेंद लेने के लिए घर गए। उन्होंने देखा तो खून से लथपथ हालत में जावित्री जमीन पर पड़ा था, जिसे देखकर बच्चे डर गए। उनकी चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने देखा तो जावित्री मृत पड़ी थी। ग्रामीणों ने फोन करके इसकी सूचना जावित्री के बेटे होमगार्ड धर्मवीर को दी। धर्मवीर ने घर पहुंचने के बाद घटना की सूचना फैजगंज बेहटा पुलिस को दी।
कुछ ही देर में फैजगंज बेहटा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार विश्नोई मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने देखा तो जावित्री के सिर से खून बह रहा था। बाएं हाथ की एक उंगली कटकर पैरों की तरफ पड़ी थी। उनकी चूड़ियां टूटी पड़ी थीं और कुछ बाल उखड़े पड़े थे। पुलिस का अनुमान है कि जावित्री की हत्या धारदार हथियार से हमला करके की होगी। छानबीन के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों का कहना है जावित्री की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है।
ये भी पढे़ं- बदायूं: पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो गोतस्कर दबोचे, दो फरार
