हल्द्वानी: बीवी को घर से निकाला और फोन कर दिया तीन तलाक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शादी के चंद महीनों में ही ससुरालियों ने दहेज के लिए प्रताड़ना की सारी हदें पार कर दी। पति जहां पत्नी को अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने को मजबूर करता था वहीं मौका पाकर देवर और ससुर भी छेड़छाड़ करते थे। इसकी शिकायत करने पर पति ने पत्नी को घर से निकाल दिया …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शादी के चंद महीनों में ही ससुरालियों ने दहेज के लिए प्रताड़ना की सारी हदें पार कर दी। पति जहां पत्नी को अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने को मजबूर करता था वहीं मौका पाकर देवर और ससुर भी छेड़छाड़ करते थे। इसकी शिकायत करने पर पति ने पत्नी को घर से निकाल दिया और फिर मोबाइल पर तीन तलाक दे दिया। मामले में न्यायालय के आदेश पर बनभूलपुरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बनभूलपुरा निवासी महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि इसी वर्ष फरवरी में उसकी शादी उत्तर प्रदेश में रहने वाले युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के दिन ससुराली मेहमानों की खातिरदारी से खुश नहीं थे और निकाह के दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने के ताने देने लगे। ससुराली मायके से बाइक और दो लाख रुपए लाने का दबाव बना रहे थे। पीड़िता ने पिता की बीमारी और खराब आर्थिक हालत का वास्ता दिया तो उस पर जुल्म ढाए जाने लगे।

आरोप है कि उसे लात-घूसों से पीटा जाता और जुबान खोलने पर जान से मार डालने की धमकी दी जाती। पति उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता और अकेलेपन का फायदा उठाकर ससुर और देवर भी छेड़छाड़ करते। देवर व ससुर की शिकायत करने पर उल्टा पीड़िता को पीटा जाता। शादी के महज दो माह बाद उसे ससुराल से निकाल दिया गया।

इसके करीब सवा महीने बाद आधी रात में पति ने फोन किया और फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। मामले में पीड़िता ने पहले बनभूलपुरा थानाध्यक्ष से शिकायत की और फिर एसएसपी नैनीताल को डाक के जरिए सूचित किया। कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने कोर्ट का सहारा लिया। इसके बाद अब सभी आरोपियों के खिलाफ बनभूलपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार