BREAKING: मुरादाबाद में कोरोना विस्फोट, एक ही दिन में मिले 95 संक्रमित
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को जिले में एक बार फिर कोरोना बम फूट है। रिकार्ड 95 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अफसरों में खलबली मच गई है। एक दिन में इतनी संख्या में संक्रमित मिलने से अब जिले में संक्रमितों का आंकड़ा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को जिले में एक बार फिर कोरोना बम फूट है। रिकार्ड 95 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अफसरों में खलबली मच गई है।
एक दिन में इतनी संख्या में संक्रमित मिलने से अब जिले में संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार के पार हो गया है। चार लोगों की संक्रमित होने के बाद मौत भी हुई है। इनमें दो लोगों ने सोमवार को ही दम तोड़ा है, जबकि दो की मौत पहले ही हो चुकी थी, उनकी रिपोर्ट सोमवार को आई है। इतनी संख्या में संक्रमित मिलने से अधिकारियों को उनको सर्च करने में भी घंटों लग गए।
देर रात तक इन संक्रमितों का पता लगाया गया, लेकिन सभी को आइसोलेट नहीं किया जा सका। संक्रमितों में एक एंबुलेंस कर्मी, 7 लोग दो बैंक के अधिकारी व कर्मचारी, कोविड अस्पताल के 6 अधिकारी, एमबीबीएस का छात्र व दो इंजीनियर भाई भी शामिल हैं। दो परिवारों की मां-बेटी भी इसकी चपेट में आई हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या एक हजार के पार हो चुकी है।
कांठ रोड स्थित हरथला सोनकपुर के रहने वाले एक 40 साल के युवक की 16 जुलाई को विवेकानंद अस्पताल में मौत हो गई थी। वहीं असालतपुरा के एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की भी कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। दोनों का स्वाब का नमूना जांच को केजीएमयू भेजा गया था। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, डिप्टीगंज मोती नगर का रहने वाला 65 साल का बुजुर्ग 13 जुलाई को संक्रमित पाया गया था। वहीं, कटघर निवासी 60 साल के बुजुर्ग ने भी टीएमयू में सोमवार की सुबह दम तोड़ दिया।
उधर, जो 95 नए मामले सामने आए हैं, उनमें टीएमयू अस्पताल के एक विभाग के निदेशक व उप निदेशक साहित 6 अधिकारी शामिल हैं। 108 नंबर एंबुलेंस का एक कर्मी, किसरौल निवासी 24 साल का एक युवक 14 जुलाई को स्वदेश लौटा था। वह किर्गिस्तान के एक मेडिकल कालेज में एमबीबीएस का छात्र है। उसकी कोरोना जांच में संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। मानपुर के रहने वाले 24 व 25 साल के दो इंजीनियर भाई भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। फैजलपुर का रहने वाला 55 साल का एक मिस्त्री भी संक्रमित मिला है।
बिलारी स्वास्थ्य केंद्र के एक कर्मचारी का पिता (60) भी संक्रमित मिला है। वह बिलारी के ही ढकिया नूरू का रहने वाला है। खानपुर की रहने वाली एक महिला व उसकी 17 साल की बेटी और पाकबड़ा के चीपी वाले मोहल्ले की रहने वाली 40 साल की महिला व उसकी 17 साल की बेटी भी संक्रमित हुई है। ठाकुरद्वारा के 3 युवक भी संक्रमण की चपेट में आए हैं।
सभी संक्रमितों को आइसोलेट किया गया है। इसके अलावा देर शाम को आई कोरोना रिपोर्ट में प्रथमा और बंधन बैंक के 7 कर्मचारी व अधिकारी, बाला की सराय, पीतल बस्ती, कंजरी सराय, बंगला गांव, जयंतीपुर, गागन, गांधी नगर, लाजपत नगर, पटेल नगर, नागफनी आदि इलाकों के रहने वाले संक्रमित मिले हैं।
