टंडन के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर, पीएम मोदी सहित इन नेताओं ने जताया दुख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें समाज की बेहतरी के अथक प्रयास के लिए हमेशा याद किया जायेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बुजुर्ग नेता लालजी टंडन का मंगलवार सुबह निधन हो गया। मोदी ने टंडन के निधन पर …

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें समाज की बेहतरी के अथक प्रयास के लिए हमेशा याद किया जायेगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बुजुर्ग नेता लालजी टंडन का मंगलवार सुबह निधन हो गया।

मोदी ने टंडन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया,”  लालजी टंडन को समाज सेवा के लिए उनके अथक प्रयास हेतु हमेशा स्मरण किया जायेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वह कुशल प्रशासक थे और हमेशा समाज कल्याण को प्राथमिकता दी। उनके निधन से गहरा दुख हुआ।

मोदी ने आगे लिखा,” लालजी टंडन संवैधानिक मामलों के अच्छे ज्ञाता थे। उनका हम सबके प्रिय स्व. अटल बिहारी जी के साथ लंबा और घनिष्ठ संबंध रहा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। ओम शांति।”

लालजी टंडन के निधन पर कोविंद ने जताया  शोक
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त किया। कोविंद ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के जरिये अपने शोक संदेश में कहा, “मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन से हमने एक ऐसी महान हस्ती खो दी है, जो लखनऊ की संस्कृति और राष्ट्रीय निष्ठा का अद्भुत समागम थे।” राष्ट्रपति ने कहा, “मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं। उनके परिजनों और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।”

टंडन के निधन पर रक्षा मंत्री ने जताया दुख
मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दु:ख जताया है। उन्होंने कहा कि टंडनजी के साथ मुझे लंबे समय तक काम करने का अवसर मिला। उनका अलग सार्वजनिक जीवन जनता के बीच समर्पित रहा और उन्होंने अपने काम से एक अलग छाप छोड़ी।

टंडन के निधन पर सीएम शिवराज सिंह ने जताया दुख
राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह ने भी दु:ख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करें।

आनंदीबेन पटेल ने गहरा दु:ख व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय लालजी टंडन शालीन, मृदुभाषी एवं जमीन से जुड़े हुए व्यक्ति थे।

लालजी टंडन एक बेहतर इंसान थे-जावड़ेकर
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल माननीय लालजी टंडन जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। लालजी टंडन एक बेहतर इंसान थे। अटल बिहारी वाजपेयी जी का उन्होंने पूरी तरह से साथ निभाया था । वह हमेशा पार्टी का ही विचार करते थे। टंडन जी के परिवार जनों को मेरी संवेदनाएँ। ॐ शांति.

टंडन जी का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा-शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि एक जनसेवक के रूप में लालजी टंडन जी ने भारतीय राजनीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है। उनका निधन देश और भाजपा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं एवं उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ॐ शांति शांति शांति. लालजी टंडन जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। टंडन जी का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा, उन्होंने उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

लालजी टंडन के निधन पर वेंकैया ने जताया शोक
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए जारी एक संदेश में कहा कि टंडन ने अपने सार्वजनिक जीवन में कई पदों पर कार्य किया, वह मर्यादा के प्रतीक थे। उन्होंने कहा, ” मध्य प्रदेश के राज्यपाल लाल जी टंडन जी के निधन का समाचार पा कर दुखी हूं। वरिष्ठ नेता, समाजसेवी और लखनऊ क्षेत्र की लोक परम्पराओं और इतिहास में विशेष रुचि रखने वाले टंडन जी लंबे समय तक उत्तर प्रदेश विधान मंडल के सदस्य रहे और उ.प्र. सरकार में भी अनेक दायित्वों का निर्वहन किया।” आगे कहा कि नायडू ने कहा, “टंडन जी शिष्ट राजनीति की सभ्य मर्यादाओं के प्रतिनिधि थे। शोकाकुल स्वजनों, सहयोगियों और समर्थकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा को आशीर्वाद देने की प्रार्थना करता हूं।”

 

संबंधित समाचार