जावड़ेकर का राहुल पर पलटवार, गिनाईं छह माह की ‘उपलब्धियां’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कोरोना वायरस और चीन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमलावर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार को उन्हीं के अंदाज में पलटवार करते हुए शाहीन बाग से लेकर राजस्थान की लड़ाई तक छह महीने की उनकी ‘उपलब्धियां’ गिनाईं। जावडेकर ने आज ट्विटर पर …

नई दिल्ली। कोरोना वायरस और चीन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमलावर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने मंगलवार को उन्हीं के अंदाज में पलटवार करते हुए शाहीन बाग से लेकर राजस्थान की लड़ाई तक छह महीने की उनकी ‘उपलब्धियां’ गिनाईं।

जावडेकर ने आज ट्विटर पर राहुल गांधी पर तंज कसते हुए लिखा,” राहुल गांधी जी आप अपनी पिछले छह महीने की उपलब्धियों पर भी ध्यान दें..
फरवरी: शाहीन बाग और दंगे
मार्च: ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश की सत्ता गंवाना
अप्रैल: प्रवासी मजदूरों को उकसाना
मई: कांग्रेस की ऐतिहासिक हार की छठी सालगिरह
जून: चीन का बचाव करना
जुलाई: राजस्थान में कांग्रेस पतन के कगार पर।”

सूचना मंत्री यहीं नहीं रुके और आगे लिखा,” राहुल बाबा आप भारत की कोरोना के खिलाफ जारी जंग की उपलब्धियों पर भी गौर करें, औसतन मामलों, वायरस से मृतकों और सक्रिय मामलों की तुलना में देश की स्थिति अमेरिका,यूरोप और ब्राजील के मुकाबले कहीं बेहतर है। आपने मोमबत्तियां जलाने का मजाक उड़ाकर देश की जनता और कोरोना योद्धाओं का मखौल उड़ाया है।”

राहुल गांधी ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा कि कोरोना संकट के बीच केंद्र सरकार मध्य प्रदेश में सरकार गिराने में व्यस्त रही, मोमबत्ती जलाने, नमस्ते ट्रंप का आयोजन करने और अब राजस्थान सरकार गिराने की कोशिशों में व्यस्त रही इसलिए देश में कोरोना से लड़ाई आत्मनिर्भर हो चली है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लगातार प्रधानमंत्री पर हमलावर हैं और फिर चाहे चीन का मसला हो या फिर कोरोना संकट की बात हो, वह निशाना साधने का कोई मौका नहीं चूकते हैं।

संबंधित समाचार