Layoffs at Twitter : हजारों लोगों की नौकरी खाएंगे मस्क!, ट्विटर में आज से छंटनी शुरू
न्यूयॉर्क। ट्विटर ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा है कि कंपनी शुक्रवार को उन्हें बताएगी कि क्या उनकी छंटनी होगी। कंपनी ने ईमेल में कहा कि ऑफिस अस्थाई रूप से बंद रहेंगे और हर कर्मचारी के साथ-साथ ट्विटर सिस्टम और ग्राहकों के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी बैज एक्सेस (एंट्री पॉइंट …
न्यूयॉर्क। ट्विटर ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा है कि कंपनी शुक्रवार को उन्हें बताएगी कि क्या उनकी छंटनी होगी। कंपनी ने ईमेल में कहा कि ऑफिस अस्थाई रूप से बंद रहेंगे और हर कर्मचारी के साथ-साथ ट्विटर सिस्टम और ग्राहकों के डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी बैज एक्सेस (एंट्री पॉइंट पर एक्सेस) को निलंबित किया जाएगा।
अरबपति उद्यमी एलन मस्क के ट्विटर का अधिग्रहण करने के एक हफ्ते बाद सोशल मीडिया कंपनी में कर्मचारियों की छंटनी शुक्रवार से शुरू होने की आशंका है और ट्विटर के 7,500 कर्मचारियों में से लगभग आधे को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने कंपनी में जारी किए गए एक ईमेल का हवाला देते हुए बताया कि सोशल मीडिया कंपनी के 44 अरब अमेरिकी डालर के अधिग्रहण को पूरा करने और सीईओ पराग अग्रवाल, कानूनी कार्यकारी अधिकारी विजया गड्डे, मुख्य वित्तीय अधिकारी नेड सहगल और जनरल काउंसल सीन एडगेट को हटाने के ठीक एक हफ्ते बाद मस्क ‘शुक्रवार को ट्विटर कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर देंगे।
ये भी पढ़ें : ब्लू टिक वालों शिकायत चाहे जितनी करो, पैसे तो देने ही होंगे: Twitter के नए मालिक मस्क का ऐलान
न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्विटर कर्मचारियों को ईमेल में सूचित किया गया था कि छंटनी शुरू होने वाली है और श्रमिकों को निर्देश दिया गया था कि वे घर जाएं और शुक्रवार को कार्यालय न लौटें क्योंकि छंटनी शुरू हो रही है।। रिपोर्ट के अनुसार, ईमेल में कहा गया है, ट्विटर में सुधार के प्रयास में, हम अपने वैश्विक कार्यबल को कम करने की कठिन प्रक्रिया से गुजरेंगे। हम मानते हैं कि यह कई व्यक्तियों को प्रभावित करेगा जिन्होंने ट्विटर में बहुमूल्य योगदान दिया है, लेकिन कंपनी की सफलता को आगे बढ़ाने के लिए दुर्भाग्य से यह कार्रवाई आवश्यक है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कर्मचारियों ने संदेश का संज्ञान लिया जिसमें कहा गया है कि 3,738 लोगों को निकाला जा सकता है और सूची में अभी भी बदलाव किए जा सकते हैं। हालांकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि छंटनी की सही संख्या क्या होगी लेकिन यह अनुमान लगाया गया है कि ‘ट्विटर के लगभग आधे कर्मचारी अपनी नौकरी खो देंगे।
मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यक्ति या कंपनी को प्रमाणित करने वाले उपयोगकर्ता के नाम के सामने ब्लू वेरिफिकेशन टिक के लिए प्रति माह 8 अमेरिकी डॉलर चार्ज करने सहित ट्विटर में भारी बदलाव लाने की योजना का संकेत दिया है। ट्विटर के डेज ऑफ रेस्ट, जो मासिक दिन होते हैं जिनमें कर्मचारी आराम कर सकते हैं, उन्हें कैलेंडर से हटाया जा चुका है।
भारत ने ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए शुल्क लेने की योजना पर दी प्रतिक्रिया
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एलन मस्क द्वारा ट्विटर पर ब्लू टिक के लिए $8/माह शुल्क लेने की घोषणा करने पर टिप्पणी करते हुए कहा है, “हमें इस पेड सब्सक्रिप्शन की प्रक्रिया के बारे में नहीं पता। उन्होंने कहा, यह योजना लागू होने के बाद उसके प्रारूप के आधार पर हम कोई फैसला करेंगे।
भारत में कई यूजर्स के लिए डाउन हुआ ट्विटर
शुक्रवार सुबह भारत में कई यूज़र्स के लिए ट्विटर डाउन हो गया और वे वेबसाइट पर लॉग इन नहीं कर पाए। साइट खोलने पर कई यूज़र्स को पॉपअप पर ‘कुछ गड़बड़ी हुई है, लेकिन चिंता न करें और दोबारा कोशिश करें’ लिखा दिखा। गौरतलब है, आउटेज से कुछ घंटे पहले ट्विटर के कर्मचारियों की छंटनी की खबर आई थी।
ये भी पढ़ें : Twitter के नए मालिक Elon Musk का नया झटका, आधे कर्मचारियों की हो सकती है छंटनी!
