खटीमा: गर्भवती महिला, लोनिवि के तीन अफसर समेत नौ लोग कोरोना पाॅजिटिव
खटीमा,अमृत विचार। सीमांत क्षेत्र खटीमा में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। यहां नौ और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें लोनिवि में कार्यरत महिला बाबू समेत तीन अफसर, एक पटवारी और एक गर्भवती महिला भी शामिल है। इसके बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। बता दें …
खटीमा,अमृत विचार। सीमांत क्षेत्र खटीमा में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। यहां नौ और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें लोनिवि में कार्यरत महिला बाबू समेत तीन अफसर, एक पटवारी और एक गर्भवती महिला भी शामिल है। इसके बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
बता दें कि टनकपुर निवासी वीडीओ के कोरोना पाॅजिटिव निकलने के बाद तहसील में कोरोना बम फूट गया था। यहां 11 पटवारी कोरोना संक्रमित हो गए थे, जो एक दिन में निकले अब तक के मामलों में सर्वाधिक थे। इसके बाद तीन साल की बच्ची समेत पांच लोग कोरोना संक्रमित हुए।
नागरिक चिकित्सालय के डाॅ.वीपी सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात आई रिपोर्ट में नौ लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें लोनिवि की एक महिला बाबू सहित तीन अधिकारी, एक पटवारी, एक महिला पटवारी का सहायक, बरी अंजनिया निवासी नौ माह की गर्भवती महिला और राजीवनगर, मोहम्मदपुर भुड़िया, गौझरिया पटिया के तीन अन्य लोग शामिल हैं।
इन सबके 15 जुलाई को सैंपल लिए गए थे, जबकि महिला पटवारी के सहायक कंजाबाग निवासी युवक की 17 जुलाई को दूसरी रिपोर्ट गई थी, वो भी पाॅजिटिव आई है। इन सभी को रुद्रपुर स्थित कोविड सेंटर भेज दिया गया है।
136 लोगों के सैंपल जांच को भेजे
नागरिक चिकित्सालय में बाहरी क्षेत्रों से आए 12 लोगों की मंगलवार को स्वास्थ्य की जांच की गई, जिसमें चार लोगों को आइसोलेट किया गया है, जिसमें एक दिल्ली और तीन बरेली से आए लोग शामिल हैं। इसके अलावा 136 लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं।
पांच इलाके सील
नौ लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आने के बाद स्थानीय प्रशासन ने पांच इलाकों को सील कर उन्हें कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। तहसीलदार यूसुफ अली ने बताया कि मंगलवार को पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोनिवि, बरी अंजनिया में बंगाली काॅलोनी, गौझरिया पटिया, राजीव नगर, कंजाबाग का निरीक्षण किया और यहां कंटेनमेंट जोन बनाते हुए बैरिकेडिंग कर दी। इस दौरान एसडीएम निर्मला बिष्ट, सीओ महेश बिंजौला, तहसीलदार मौजूद थे।
