काशीपुर: सामूहिक विवाह सम्मेलन में 11 जोड़ों ने लिए सात फेरे
काशीपुर, अमृत विचार। मां बाल सुंदरी परिणय संस्था की ओर से चैती मंदिर परिसर में छठवां सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 11 निर्धन वर-वधु ने सात फेरे लिए। कमेटी के पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने वर वधु को सुखद जीवन का आशीर्वाद दिया। मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री महेशानंद भुवन जोशी समेत …
काशीपुर, अमृत विचार। मां बाल सुंदरी परिणय संस्था की ओर से चैती मंदिर परिसर में छठवां सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 11 निर्धन वर-वधु ने सात फेरे लिए। कमेटी के पदाधिकारियों व अन्य लोगों ने वर वधु को सुखद जीवन का आशीर्वाद दिया। मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री महेशानंद भुवन जोशी समेत ग्यारह पुरोहितों ने मंडप में गणेश पूजन, नवग्रह पूजन हवन-पूजन सात फेरों के साथ विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया।
शुक्रवार को रामनगर रोड स्थित रामलीला मैदान से सुबह 11 बजे बैंड बाजों के साथ 11 दूल्हों की बारात निकली। बारात में कई धार्मिक झांकियां भी शामिल रही। लोगों ने चीमा चौराहा और पुरानी अनाज मंडी के सामने सामूहिक बारात का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। संस्था अध्यक्ष आनंद कुमार एडवोकेट समेत अन्य पदाधिकारियों और दुल्हनों के परिजनों ने बारातियों का स्वागत किया। चैती मेले के मुख्य पंडा विकास अग्निहोत्री की देखरेख में 11 जोड़े वर-वधू परिणय बंधन में बंधे।
सामूहिक विवाह समारोह में राहुल राजपूत काशीपुर संग मंजू निवासी गोखपुर( रामपुर), गोविंदा भजवानगला संग काजल निवासी महेशपुरा काशीपुर, शगुन शर्मा जसपुर खुर्द संग पूजा स्वार (रामपुर), अजय संग वर्षा सुल्तानपुर (मुरादाबाद), हेमंत त्यागी ग्राम मिर्जापुर (बिजनौर) संग तनु त्यागी वैशाली कॉलोनी काशीपुर, लोकेश सुआवाला धामपुर संग मोनिका बिलारी मुरादाबाद, योगेश कुमार प्रभात कॉलोनी काशीपुर संग हरजिंदर कौर जसपुर खुर्द, अफजलगढ़ निवासी शिवोम संग कविता निवासी चमरवाला नगीना, संजीव कुमार पारका मझरा काशीपुर संग कुंडेश्वरी निवासी नेहा, खड़कपुर देवीपुरा निवासी राजा सैनी संग पीरुमदारा की रीनू सैनी, खड़कपुर देवीपुरा निवासी रोहित कुमार संग वीना कश्यप निवासी कटघर मुरादाबाद समेत नव युगल ने शादी के अटूट बंधन में बंधकर सात फेरे लिए।
दुल्हनों को उपचार किए भेंट
संस्था अध्यक्ष आनंद कुमार एडवोकेट ने बताया कि नव दंपतियों को डबल बेड, मंगलसूत्र, पाजेब, आलमारी, बड़ा संदूक, लिहाफ गद्दे, सिलाई मशीन, किचन का सामान, ज्वैलरी, शृंगार दान, साड़ी, सूट, कलाई घड़ी आदि उपहार भेंट किए गए हैं। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अब तक संस्था 133 गरीब कन्याओं का विवाह सम्पन्न करा चुकी है। वहां पर एसडीएम अभय प्रताप सिंह, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, महापौर ऊषा चौधरी, शशांक गहतोड़ी, प्राचार्य डॉ. कीर्ति पंत, शैलजा गहतोड़ी, धर्मेंद्र तुली एडवोकेट, कौशलेश गुप्ता, स्वतंत्र मेहरोत्रा, राघवेंद्र नागर, हरिओम सिंह तोमर, अमीर दूल्हा खान आदि मौजूद रहे।
