अयोध्या में गड़बड़ियों की नजीर बनी मतदाता सूची
अमृत विचार, अयोध्या। निकाय चुनाव को लेकर प्रकाशित की गई मतदाता सूची गड़बड़ियों की नजीर बन गई है। जिसके चलते इस बार निकाय चुनाव में मतदाता सूची बनाने वाले बीएलओ की मनमानी का खामियाजा मतदाताओं को भुगतना होगा। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए चल रहा पुनरीक्षण कार्य भी सवालों से घिरा हुआ है। …
अमृत विचार, अयोध्या। निकाय चुनाव को लेकर प्रकाशित की गई मतदाता सूची गड़बड़ियों की नजीर बन गई है। जिसके चलते इस बार निकाय चुनाव में मतदाता सूची बनाने वाले बीएलओ की मनमानी का खामियाजा मतदाताओं को भुगतना होगा। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के लिए चल रहा पुनरीक्षण कार्य भी सवालों से घिरा हुआ है।
शनिवार को भी समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव व महासचिव हामिद जाफर मीसम ने नगर निगम के चुनाव के संबंध में एक ज्ञापन अपर जिला अधिकारी प्रशासन के माध्यम से राज्य निर्वाचन आयुक्त को भेजा है। महानगर प्रवक्ता राकेश यादव के अनुसार वार्डो के परिसीमन में जो क्षेत्र वार्ड में दर्शाया गया है उसके बाहर के क्षेत्र के मतदाता सूची भी उसी वार्ड में जोड़ दी गई है। जैसे कि वार्ड संख्या 40 महात्मा गांधी वार्ड के परिसीमन के नक्शे में कनीगंज नोनहटिया के मतदाता नहीं है ।
फिर भी वोटर लिस्ट में दर्शाया गया है। करीब-करीब नगर के सभी वार्डो में है यह स्थिति है। महानगर अध्यक्ष ने मांग की कि सभी वार्डो में जो बीएलओ नियुक्त किए गए हैं उन सभी को नक्शा उपलब्ध कराया जाए। जिससे मतदाता सही ढंग से अपना नाम दर्ज करा सकें। महानगर महासासिव हामिद जाफर मीसम का आरोप है राज्य निर्वाचन आयोग ने घोषणा की थी कि सभी बीएलओ घर घर जाकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण का कार्य करेंगे परंतु यह कार्य पूरे नगर निगम क्षेत्र में सुचारू ढंग से नहीं किया गया। बल्कि बहुत से बीएलओ अभी तक अपनी ड्यूटी ही नही लिए हैं। महासचिव ने बताया की ईमेल व फैक्स के माध्यम से चुनाव आयोग को भी अवगत करा दिया गया है।
रुदौली में सैकड़ों मतदाताओं के बदल गए वार्ड
रुदौली नगर पालिका परिषद की सीमा विस्तार के बाद निकाय की चुनाव की तैयारी चल रही है। वार्डों के परिसीमन हो चुके हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हुआ तो नई वोटरलिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। समाजवादी पार्टी के नेता चौधरी शहरयार ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में 400 मतदाताओं के नाम दूसरे वार्ड में कर दिए जाने का आरोप लगाया है।
कहा है कि मख्दूम साहब नगर वार्ड के मतदाताओं का नाम राजेंद्र प्रसाद नगर वार्ड की वोटरलिस्ट में शामिल कर दिया गया है। इसी तरह वार्ड नंबर 24 के भी 100 से मतदाताओं को राजेंद्र प्रसाद नगर वार्ड में शामिल किया गया है। अशफाक उल्ला खां वार्ड के मतदाताओं को महराजा रुद्रमल नगर वार्ड में धकेल किया गया है। ऐसे हर वार्ड में गड़बड़ी की शिकायत हुई है। कहीं नाम में त्रुटि है तो किसी की वल्दियत ही गलत छप गया है। एसडीएम स्वप्निल यादव ने बताया कि आपत्तियों पर जांच के आदेश दिए गए हैं।
न मिली वोटर लिस्ट, न बीएलओ पहुंचे घर
गोसाईगंज नगर पंचायत में मतदाता पुनरीक्षण कार्य चल रहा है तो वही हर वार्ड में लोगों का आरोप है कि अभी तक अपने वोटर लिस्ट का दर्शन नही कर पाए है। वार्ड में लगाये गए बीएलओ अभी तक उनके घर पर नहीं आए हैं। उनको यह भी जानकारी नही है कि उनके वार्ड का बीएलओ कौन है और उसका सम्पर्क नम्बर क्या है।
लोग एक दूसरे से पूछ रहे है। व्यापारी नेता संजय पराग ने बताया कि अब केवल दो दिन ही बचे हुए है।खण्ड शिक्षा अधिकारी मया को फोन पर बात किया तो उन्होंने कोई सकारात्मक उत्तर नहीं दिया। लोगों ने नगर पंचायत प्रांगण में कैम्प लगाकर पुनरीक्षण कार्य की मांग की है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य व्यवस्थित तरीके से चल रहा है। सूची में परिमार्जन प्रक्रिया की जा रही है। आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है। यदि बीएलओ के खिलाफ शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- कानपुर निकाय चुनाव : नामांकन के लिए नगर निगम में कक्ष निर्धारित , यहां जानें कहां जमा होगा पर्चा
