प्राथमिक शिक्षक संघ चुनाव: बांदा के सभी ब्लॉकों में 13 नवंबर को होगा नामांकन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा, अमृत विचार। शिक्षकों की तमाम समस्याओं को लेकर रविवार को उत्तरप्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई, जिसमें सभी ब्लॉक के निर्वाचन पर भी चर्चा की गई। आगामी 13 नवंबर को नामांकन होगा। जरूरत पड़ने पर मतदान होगा, जिसकी ब्लॉकवार तिथियां भी घोषित कर दी गईं। बैठक में क्रीड़ा रैली के नाम पर लिये …

बांदा, अमृत विचार। शिक्षकों की तमाम समस्याओं को लेकर रविवार को उत्तरप्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की बैठक हुई, जिसमें सभी ब्लॉक के निर्वाचन पर भी चर्चा की गई। आगामी 13 नवंबर को नामांकन होगा। जरूरत पड़ने पर मतदान होगा, जिसकी ब्लॉकवार तिथियां भी घोषित कर दी गईं। बैठक में क्रीड़ा रैली के नाम पर लिये जाने वाले आर्थिक सहयोग के मुद्दे पर शिक्षक बिफर गये। आपत्ति जताई तो बीएसए ने सहयोग न लिये जाने का आदेश जारी कर दिया।

उत्तरप्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यसमिति की बैठक टीचर्स सोसाइटी जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं समेत सभी आठ ब्लॉक के निर्वाचन पर भी चर्चा की गई। बैठक में संगठन द्वारा क्रीड़ा रैली के नाम पर शिक्षकों से लिए जाने वाले आर्थिक सहयोग पर आपत्ति दर्ज कराई गई, जिस पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने किसी भी शिक्षक से क्रीड़ा रैली के नाम पर आर्थिक सहयोग न लिये जाने का आदेश जारी कर दिया।

उत्तरप्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने रैली में बच्चों की बेहतर व्यवस्था के लिये 21 हजार रुपए का आर्थिक सहयोग प्रदान करने की भी घोषणा की। जिला मंत्री प्रजीत सिंह ने बताया की सभी ब्लॉक में अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और संयुक्त मंत्री पद पर निर्वाचन होगा। सभी ब्लॉक के सभी पदों पर एक साथ नामांकन आगामी 13 नवंबर को जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान) कार्यालय में होगा।

नामांकन के बाद आवश्यकता पड़ने पर मतदान होगा, जिसमें आगामी 20 नवंबर को कमासिन, 24 को बिसंडा, 27 नवंबर को बबेरू, 4 दिसंबर को महुआ, 11 को तिंदवारी, 18 को नरैनी, 25 को बड़ोखर खुर्द और पहली जनवरी 2023 को जसपुरा में मतदान होगा। अधिक नामांकन न होने पर परिणाम 13 नवंबर को ही घोषित कर दिया जाएगा। सम्पूर्ण निर्वाचन की प्रक्रिया निर्वाचन प्रभारी, निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन पर्यवेक्षक की देखरेख में होगी। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाशंकर यादव, कोषाध्यक्ष रामसुफल कश्यप, संयुक्त मंत्री जयकिशोर दीक्षित समेत सभी जनपद स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-कानपुर निकाय चुनाव : नामांकन के लिए नगर निगम में कक्ष निर्धारित , यहां जानें कहां जमा होगा पर्चा

संबंधित समाचार