पत्रकार की हत्या से बेनकाब हुआ यूपी में फैले गुंडाराज का चेहरा: कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या ने राज्य में फैले गुंडाराज का चेहरा बेनकाब कर दिया है। राहुल गांधी ने …
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के गाजियाबाद में पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या ने राज्य में फैले गुंडाराज का चेहरा बेनकाब कर दिया है।
राहुल गांधी ने कहा कि पत्रकार जोशी का गुनाह सिर्फ इतना ही था कि उन्होंने भांजी से बदसलूकी का विरोध कर पुलिस से इसकी शिकायत की थी लेकिन गुंडों को यह बर्दाश्त नहीं हुआ और पत्रकार को गोली मार दी। कांग्रेस नेता ने इस घटना पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए आराेप लगाया कि रामराज देने का वादा कर सत्ता में आयी भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली योगी आदित्यनाथ सरकार के शासन काल में राज्य में गुंडाराज व्याप्त है।
उन्होंने ट्वीट किया “अपनी भांजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या कर दी गयी। शोकग्रस्त परिवार को मेरी सांत्वना। वादा था राम राज का, दे दिया गुंडाराज।”
पार्टी की प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस घटना को लेकर योगी सरकार पर दूसरे दिन लगातार तीखा हमला किया और कहा, “उत्तर प्रदेश में जंगलराज इस कदर बढ़ गया है कि शिकायत करने के बाद आमजन को बदमाशों का डर सताता है। भाजपा सरकार अपराध के मुद्दे पर पिछली सरकारों की तरह ही फेल है।”
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीपसिंह सुरजेवाला ने कहा, “विक्रम जोशी की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश के गुंडाराज का चेहरा बेनकाब कर दिया है। जब एनसीआर के गाजियाबाद के ये हालात हैं, तो अंदाजा लगा सकते हैं कि उत्तर प्रदेश की आदित्यनाथ सरकार में गुंडाराज और जंगल राज किस प्रकार से सिर चढ़कर बोल रहा है।”
उन्होंने कहा कि विक्रम जोशी ने खुद को अपने रिश्तेदार के घर में जब गुंडों से घिरा पाया तो उन्होंने एसएचओ को फोन किया तो उसने आने से इन्कार कर दिया। बाद में विक्रम जोशी जैसे ही अपनी दो छोटी बच्चियों के साथ घर से बाहर निकले, उन्हें गोली मार दी गयी है। अबोध बच्चियां बार-बार कहती रहीं, “पापा उठ जाइए, पापा उठ जाइए और हमें घर लेकर जाइए लेकिन विक्रम जोशी बच्चियों की आवाज नहीं सुन सके।”
सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला किया और कहा, “आदित्यनाथ जी काश! आपकी भी बेटियां होती, काश! आपका भी परिवार होता। अगर आपने भी अपनी भतीजी और भांजी के साथ छेड़छाड़ की व्यथा सही होती, अगर आपके परिजनों को भी गुंडे विजय नगर में पीटते तो आपको मालूम होता, पता चलता कि दर्द कैसे होता है। गाजियाबाद पुलिस के अपराधियों की मॉनटरिंग न कर पाने में विफलता के कारण ही विक्रम जोशी को अपनी जान गंवानी पड़ी। इसका उत्तरदायी कौन है।”
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो के ताजा आंकड़ों के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश अब पूर्णतः अपराध प्रदेश बन चुका है। प्रतिदिन 46 महिलाओं का अपहरण होता है और 12 महिलाओं का बलात्कार होता है तथा कम से कम 36 महिलाओं की इज्जत के साथ रोज खिलवाड़ होता है। राज्य में अपराध और जंगलराज का यह आलम है कि 2018 में राज्य में कुल 4018 हत्याएं हुई जिसका मतलब है कि राज्य में हर दिन 11 हत्याएं होती रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस आंकड़े से वह चौंकती नहीं है क्योंकि उन्हें मालूम है कि भाजपा के 312 विधायकों में से 114 मतलब 37 फीसदी के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 83 जघन्य अपराध जैसे कि बलात्कार और हत्या के मामलों में आरोपी हैं। जिस सरकार का यह रिकार्ड हो, उससे कैसे उम्मीद की जा सकती है कि वह लोगों को अपराध से बचाएगी।
