अयोध्या: कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालु सरयू में लगा रहे आस्था की डुबकी
अयोध्या, अमृत विचार। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार शाम सात बजे से शुरू हुए कार्तिक पूर्णिमा मेले में रात दो बजे से ही सरयू स्नान के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। मंगलवार को भोर में अयोध्या स्थित नयाघाट पर भारी संख्या श्रद्धालु सरयू स्नान के लिए जुट गए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते …
अयोध्या, अमृत विचार। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार शाम सात बजे से शुरू हुए कार्तिक पूर्णिमा मेले में रात दो बजे से ही सरयू स्नान के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। मंगलवार को भोर में अयोध्या स्थित नयाघाट पर भारी संख्या श्रद्धालु सरयू स्नान के लिए जुट गए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उन्हें नियंत्रित करने में पुलिस के पसीने छूट गए।
वहीं मंगलवार शाम से लग रहे चंद्रग्रहण को लेकर सूतक लगने से पहले भारी संख्या में नागेश्वरनाथ में जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने हनुमंत लला के दरबार में दर्शन पूजन किया। भोर से लेकर आठ बजे तक यह भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं सूतक अवधि शुरू होते ही हनुमानगढ़ी समेत विभिन्न मठ – मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए हैं। हनुमानगढ़ी पर बैरिकेडिंग लगा कर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि दोपहर 3 बजकर 37 मिनट तक पूर्णिमा स्नान होगा। डीएम नितिश कुमार और एसएसपी प्रशांत वर्मा मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रहे हैं।
बता दें कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही सांय 5:10 मिनट पर चंद्रग्रहण लग रहा है। जो करीब छह बज कर दस मिनट पर समाप्त होगा। जिसके चलते मंगलवार सुबह 8:10 बजे से सूतक लग गया है। करीब नौ घंटे सूतक अवधि के कारण अयोध्या में मठ – मंदिरों में दर्शन पूजन नहीं होगा। ग्रहण के मोक्ष के बाद ये मंदिर शाम 7 बजे ही खुलेंगे।
सूतक काल से लेकर ग्रहण के मोक्ष तक मंदिर पूरी तरह बंद रहते हैं। इसके बाद मंदिर की धुलाई और भगवान के आरती, पूजन और भोग के बाद ही मंदिर के पट खुलते हैं।
ये भी पढ़ें-बरेली: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत
