मुरादाबाद: बिजली के खंभेपर उतर रहे करंट से इकलौते बेटे की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महेशपुर खेम गांव की घटना, मासूम को तड़पता देखा युवक ने की बचाने की कोशिश 

मुरादाबाद/भगतपुर, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव महेशपुर खेम में बिजली के खंभे से केबल के साथ बंधे सेफ्टी तार पर करंट उतर आया। यहां करंट से छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों व ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले तार टूट कर खंभे पास पड़ा था। लेकिन बिजली कर्मचारियों से कहने के बावजूद तार को सही नहीं कराया, जिसके चलते मासूम की जान चली गई।
 

 महेशपुर खेम गांव में अलाउद्दीन का परिवार रहता है। गुरुवार शाम चार बजे उनका पुत्र आरबियान (छह वर्ष) घर के बाहर खेल रहा था। तभी घर के पास खड़े खंभे पर आ रहा करंट आरबियान को लग गया। पड़ोसी तालिम ने मासूम को तड़पता देखा तो उसने उसको बचाने की कोशिश की। तभी उसको भी कंरट का झटका लग गया। लेकिन उसने मासूम को तार से बचा लिया। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंचे और मासूम को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन पहले बिजली निगम की टीम गांव में बिल व चेकिंग के लिए आई थी तब भी उनसे तार टूटने की शिकायत की थी, फिर भी  बिजली कर्मचारी बिना कार्रवाई किए ही चले गए। बिजली कर्मचारियों की लापरवाही से मासूम की जान चली गई। परिजनों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया गांव के लोगों के समझाने के बाद परिजन शांत हुए। 

इकलौते पुत्र की मौत से पिता सदमे में
 करंट से हुई मासूम की मौत से उसका पिता अलाउद्दीन सदमे में है। परिजनों ने बताया कि अलाउद्दीन के परिवार में पत्नी शब्बो व एक पुत्र और एक पुत्री है। अलाउद्दीन मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। इकलौते पुत्र की मौत से मां शब्बो जहां का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : पारंपारिक तरीके से डोली में विदा कराई दुल्हन, नई पीढ़ी के लिए ये प्रथा अजूबा दिखाई दी

संबंधित समाचार