इटावा: जिले के सवा तीन लाख वोटर चुनेंगे छह चेयरमैन, 127 सभासद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा।  जिले में निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज है जिसको लेकर मतदान केंद्र तथा मतदेय स्थल भी बना लिए गए हैं। मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन कर दिया गया है और अंतिम प्रकाशन 18 नवंबर को किया जाएगा। अभी जो मतदाता सूची प्रकाशित की गई है उसके अनुसार जिले की तीन नगरपालिका तथा तीन नगर नगर पंचायतों में 312651 मतदाता हैं।

यह सभी मतदाता मिलकर तीन नगर पालिकाओं तथा तीन नगर पंचायतों के चेयरमैन का चुनाव करेंगे। इसके साथ ही जिले की इन 6 निकायों में कुल मिलाकर 127 सभासदों का चुनाव होना है। वह भी इन मतदाताओं के द्वारा मतदान के माध्यम से किया जाएगा। मतदाता सूचियों में संशोधन के साथ ही मतदान की अन्य तैयारियां भी जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है। इसके लिए मतदान केन्द्र और बूथ फाइनल कर दिए गए हैं।  

सबसे ज्यादा मतदाता इटावा नगरपालिका परिषद में हैं। यहां कुल 210352 मतदाता हैं और चेयरमैन के साथ ही 40 सभासदों का भी चुनाव करेंगे। इसके विपरीत सबसे कम मतदाता लखना नगर पंचायत में हैं। यहां मतदाताओं की संख्या 8266 है। यह मतदाता चेयरमैन के साथ ही 11 सभासदों का भी चुनाव करेंगे। 

निकाय चुनाव के लिए जो मतदान केन्द्र बनाए गए हैं उनकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी अधिकारियों ने कर लिया है ताकि मतदाताओं को कोई परेशानी न हो। इसके साथ ही चुनाव के लिए मतदान कर्मचारियों के साथ ही जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती भी की जाएगी।

संबंधित समाचार