हल्द्वानी: हिस्ट्रीशीटर जिलाबदर हृदयेश कुमार को तलाश रही पुलिस
हल्द्वानी, अमृत विचार। हिस्ट्रीशीटर जिलाबदर हृदयेश कुमार को काठगोदाम पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस को सूचना मिली है कि जिलाबदर नियम तोड़ने और गिरफ्तारी होने के बाद भी हृदयेश इलाके में घूम रहा है। मामले में गुरुवार को मनोज गोस्वामी ने एसएसपी को लिखित शिकायत दी और हृदयेश से जान का खतरा बताया।
दमुवाढूंगा काठगोदाम निवासी मनोज गोस्वामी ने एसएसपी पंकज भट्ट को दी शिकायत में कहा कि हृदयेश कुमार को 23 अक्टूबर को जिलाबदर नियम तोड़ने पर गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद वह जमानत पर बाहर आया, लेकिन जिले से बाहर नहीं गया। बीती नौ नवंबर को हृदयेश अपने साथियों के साथ उत्तरांचल कालोनी वार्ड 37 हरिपुर गांगू में घूम रहा था और पुलिस के पहुंचने से पहले वह फरार हो गया।
मनोज का कहना है कि इसी कालोनी में लग रहे एक मोबाइल टावर का वह विरोध कर रहा है और हृदयेश को यह बात पता है। आरोप है कि हृदयेश उसके और उसके परिवार की रेकी कर हत्या करना चाहता है। इधर, काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक का कहना है कि हृदयेश की तलाश की जा रही है, लेकिन जिले में उसकी मौजूदगी के अभी पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं।
पुलिस ने घर से उठाया जिलाबदर
बनभूलपुरा पुलिस ने एक जिलाबदर को उसके घर से गिरफ्तार किया। पकड़े गये हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस को अपना नाम बिरजू पुत्र मुन्ना लाल निवासी जवाहर नगर वार्ड नंबर 15 बनभूलपुरा बताया। जांच में आरोपी को बीते मई में 6 माह के लिए जिलाबदर किया गया था और नियम तोड़कर वह जिले में वापस आ गया।
