बरेली: टांडा नगरपालिका में घपला, बरेली के अधिकारियों ने शुरू की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

करोड़ों के निर्माण कार्यों में घोटाला होने का आरोप लगाते शासन में की लिखित शिकायत

बरेली, अमृत विचार। रामपुर जनपद की टांडा नगर पालिका में हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों में अनियमितताएं होने की शिकायत नगर विकास मंत्री और शासन में की गई है। शिकायत पर शासन ने मंडलायुक्त बरेली को मामले की जांच कराकर रिपोर्ट तलब की है। मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने टांडा नगर पालिका के विकास कार्यों में घपले के आरोपों की जांच कराने के लिए तीन अधिकारियों की टीम गठित की है।

जांच टीम में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह, अपर नगर आयुक्त सुनील यादव और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता नारायण सिंह को शामिल किया है। एडीएम वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में टीम जांच करेगी। आदर्श नगर योजना के तहत टांडा (स्वार) नगर पालिका परिषद में कराए गए कार्यों में खर्च हुए धनराशि के संबंध में टीम स्थलीय और अभिलेखीय जांच करने के लिए शुक्रवार को जाएगी।

एडीएम वित्त की ओर से अधिशासी अधिकारी टांडा को पत्र भेजकर समय पर समस्त अभिलेखों सहित अपने कार्यालय में उपस्थित रहने के आदेश दिए हैं। अनुसचिव केपी सिंह ने मंडलायुक्त को विकास कार्यों की जांच कराने के लिए 9 अक्टूबर को पत्र भेजा था।

बिंदुवार जांच कराकर शीघ्र आख्या स्पष्ट संस्तुति सहित शासन को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा था। नगर विकास मंत्री से हिंदू युवा वाहिनी ने लिखित शिकायत करके बताया था कि मल्टीपरपज सोशल, हेल्थ केयर, कामर्शियल एक्टीविटीज सेंटर भाग-1 के निर्माण कार्यों में 483 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई। जिनमें अनियमितताएं होने का आरोप लगाया गया था।

यह भी पढ़ें- बरेली: नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को 14 वर्ष कैद, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार