बागेश्वर: ततैयों के हमले में एक मासूम की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
बागेश्वर, अमृत विचार। बीते दिनों पिथौरागढ़ में ततैयों के हमले में तीन लोगों की मौत का मामला प्रकाश में आया था। ऐसा ही एक मामला शुक्रवार को बागेश्वर जिले में भी सामने आया है। जहां ततैयों के झुंड ने दो भाइयों पर हमला कर दिया, जिसमें एक भाई ने अस्पताल आने के दौरान दम तोड़ दिया तो दूसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के नान-कन्यालीकोट की बैसानी ग्राम पंचायत के पौसारी गांव में ततैयों के हमले से भूपेश राम के एक बेटे की मौत हो गई, दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल है। परिजनों ने बताया कि दोनों घर के आंगन पर खेल रहे थे। अचानक उन्हें ततैयों के झुंड ने घेर लिया। ततैयों ने तीन वर्षीय सागर आर्य और पांच वर्षीय प्रियांशु आर्य को पूरे शरीर पर डंक मारे।
स्वजनों ने कंबल आदि डाल कर बच्चों को ततैयों से अलग किया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लाया जा रहा था कि तीन वर्षीय सागर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रियांशु को जिला अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने उसे आइसीयू में भर्ती किया है। घटना के बाद स्वजनों में मातम छा गया है। स्वजन गंगा राम, देव राम ने बताया कि सड़क और अस्पताल नजदीक नहीं होने से एक मासूम की जान चली गई है। दूसरा जिला अस्पताल में जिंगदी से जूझ रहा है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कपकोट की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि सड़कों की हालत ठीक होती तो घायल बच्चों को समय पर उपचार मिल सकता था। घटना के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव शोक में डूब गया है। ग्रामीण ततैयों के खतरे से दहशत में आ गए हैं।
