हल्द्वानी: भारत की सीमा लांघ गए 20 हजार के इनामी बदमाश !

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल पुलिस के हाथ खाली, ऊधमसिंहनगर ने पकड़ लिए तीन आरोपी

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं ज्वैलर्स के मालिक राजीव वर्मा पर गोली चलाने वाले 20 हजार के इनामी बदमाश मनोज अधिकारी और रमन पुलिस की पहुंच से दूर निकलते जा रहे हैं। इन बदमाशों ने मुठभेड़ में पहले दो जिलों की पुलिस की चकमा दिया और अब इनकी लोकेशन का किसी को पता नहीं। खबर तो ये आ रही है कि पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर ये दोनों शातिर भारत की सीमा लांघ कर नेपाल की धरती पर पहुंच चुके हैं। 

बता दें कि बीती तीन नवंबर की देर रात राजीव वर्मा पर उन्हीं के घर हीरानगर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी थी। घटना के वक्त राजीव कार में थे और गोलियां भी कार पर लगी थीं। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद ऊधमसिंहनगर की ओर फरार हो गए। पांच नवंबर को नैनीताल और ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बदमाशों को पुलभट्टा में एक गन्ने के खेत में घेर लिया।

इस मुठभेड़ में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन फरार हो गए। तीसरे को ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नौ नवंबर को गिरफ्तार किया, लेकिन वारदात के मुख्य आरोपी मनोज और रमन हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मनोज और रमन ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिए और जंगल में गुम हो गए।

जिसके बाद से उनकी लोकेशन को ट्रेस नहीं किया जा सका। सूत्रों के हवाले से खबर अब ये आ रही है कि दोनों खटीमा से नेपाल जाने वाले चोर रास्तों के जरिये अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर नेपाल में दाखिल हो चुके हैं। इस बात का संभावना इसलिए भी प्रबल है कि पुलिस पहले ही शक जाहिर कर रही थी मनोज नेपाल भाग सकता है। 


दो जिलों की पुलिस के बीच बदमाशों की संख्या पर मतभेद
हल्द्वानी। फायरिंग के मामले में दोनों जिलों की पुलिस के बीच पहले ही दिन से मतभेद सामने उजागर हो गए थे। नैनीताल पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपियों के भाग निकलने के पीछे दबी जुबान में ऊधमसिंहनगर पुलिस को जिम्मेदार ठहराया था और कहा था कि अगर मुठभेड़ में फायरिंग न होती तो वह मुख्य आरोपी को जरूर दबोच लेते।

मतभेद तब भी उजागर हुए थे जब ऊधमसिंहनगर पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े बदमाशों को लेकर प्रेस वार्ता की और इस प्रेस वार्ता में नैनीताल पुलिस का जिक्र भी नहीं किया। नैनीताल पुलिस शुरू से ही इस वारदात में चार लोगों के शामिल होने की बात कह रही है। जबकि ऊधमसिंहनगर पुलिस के मुताबिक बदमाशों की संख्या पांच है और तीन को वह गिरफ्तार कर चुके हैं। माना यह जा रहा है कि नैनीताल पुलिस पांचवें को 120बी का मुल्जिम बनाकर मतभेद का पटाक्षेप कर सकती है। 

संबंधित समाचार