हल्द्वानी: आधी रात सड़क पर चेंकिंग को उतरे एसपी सिटी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच गुरुवार देर रात एसपी सिटी हरबंस सिंह खुद सड़क पर उतर आए। उन्होंने न सिर्फ बीच सड़क पुलिस कर्मियों को ब्रीफ किया, बल्कि संदिग्धों की तलाशी लेकर बिना कागजातों के दौड़ रहे वाहनों को सीज भी कराया। 

बता दें कि बीते कुछ दिनों में शहर में कई बड़ी वारदातें हुईं हैं। जिसमें कुमाऊं ज्वैलर्स के मालिक पर फायरिंग के साथ पुलिस कर्मी की पत्नी ममता की हत्या भी शामिल है। इसी के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी टटोलने के लिए एसपी सिटी हरबंस सिंह खुद आधी रात सड़क पर निकल पड़े। सादी वर्दी में मौजूद एसपी सिटी के औचक निरीक्षण से पुलिस कर्मियों में खलबली मच गई। इस दौरान एसपी सिटी ने संदिग्ध दिख रहे लोगों को खुद रोका और तलाशी ली। इसके साथ ही रात में फर्राटा भर रहे वाहनों को रोक कर तलाशी ली और कागजात जांचे। चेकिंग के दौरान एसपी सिटी ने दो वाहन सीज किए। 

उन्होंने तिकोनिया चौराहे पर रात्रि गश्त में लगे सभी कर्मचारियों को ब्रीफ किया और ड्यूटीरत सभी कर्मचारियों के पॉइंट चेक किए। उन्होंने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और नाइट अफसरों को अपने स्तर पर रात्रि चेकिंग करने के भी निर्देश दिए।

संबंधित समाचार