Kanpur Nagar Nigam के नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर, अस्पतालों में भी बनेंगे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, यहां देखें- लिस्ट
कानपुर, अमृत विचार। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अब लोगों को नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने होंगे। शासन के निर्देश पर प्राइवेट अस्पतालों में यह सुविधा मिलेगी। शहर में 433 प्राइवेट अस्पतालों को चिन्हित किया गया है। नगर निगम ने अस्पतालों को प्रमाण-पत्र बनाने का अधिकार देना भी शुरू कर दिया है। अब वह अपने यहां से ही प्रमाण पत्र जारी कर सकेंगे।
शहर में अभी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए लोगों को नगर निगम व जोनल कार्यलय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई बार शिशु के जन्म के बाद प्रमाण पत्र बनवाने में देरी होने पर लोगों को एनओसी के लिए डीएम कार्यालय और कचहरी तक के चक्कर चगाने पड़ते हैं।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय संखवार ने बताया कि सीएमओ कार्यालय से 433 निजी अस्पतालों की लिस्ट दी गई है। सभी को ऑनलाइन पोर्टल के लॉगिन आईडी और पासवर्ड दिए जा रहे हैं। अभी तक 150 अस्पतालों को इसके अधिकार भी दिए जा चुके हैं।
सत्यापन के बाद जारी होगा प्रमाण पत्र
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक रंजन ने बताया कि नगर निगम को अस्पतालों की लिस्ट सौंपी गई है। अस्पताल जन्म और मृत्यु संबधित सारी जानकारी लगाकर पोर्टल के माध्यम से नगर निगम के संबंधित जोनल अधिकारी के आईडी पर भेजागा। वहां से सत्यापन होने के बाद अस्पताल अपने यहां से प्रमाण पत्र जारी कर सकेगा।
जोनवार और बढ़ गई समस्या
नगर निगम ने अभी कुछ समय पहले जोन वार जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था शुरू की थी। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। 21 दिन के अंदर आने वाले आवेदन भी जांच के लिए भेज दिए जा रहे हैं। इससे लोगों को 2 महीने में प्रमाणपत्र बनकर मिल पा रहा है। अस्पतालों में बनने की व्यवस्था से लोगों को एक तो वह वहीं से ही आवेदन कर सकेंगे, जिससे समय से प्रमाण पत्र बन जाएगा।
सरकारी अस्पतालों को ही था अधिकार
नगर निगम के अलावा सरकारी बड़े अस्पतालों को ही अभी तक यह अधिकार था। कोविड के बाद ही सरकार ने निजी अस्पतालों को भी ये अधिकार देने का फैसला लिया था। अब इसे लागू किया गया है। प्राइवेट अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद ही उन्हें नगर निगम की तरफ से अधिकार दिए जाएंगे।
यह हैं प्रमुख अस्पताल
रिजेंसी हॉस्पिटल, सर्वोदय नगर, चांदनी हॉस्पिटल, आर्य नगर, जवाहर लाल रोहतगी, सर्वोदय नगर, दृष्टि हॉस्पिटल, बर्रा-2, द्विवेदी हॉस्पिटल, पांडु नगर, कुलवंती हॉस्पिटल, काकादेव, न्यू लीलामणि हॉस्पिटल, सिविल लाइंस, रामा हॉस्पिटल, लखनपुर, फार्च्यून हॉस्पिटल, शारदा नगर, गुरुतेग बहादुर हॉस्पिटल, लाजपत नगर, कृष्णा हॉस्पिटल, आवास विकास
