भीमताल: ढुगशिल की पहाड़ी भूस्खलन की चपेट में आने से ढही
भीमताल, अमृत विचार। नगर क्षेत्र के समीप ग्राम सभा ढुगशिल, खैरोला की पहाड़ी पिछले कुछ सालों से भूस्खलन की चपेट में है। इस पहाड़ी से प्रत्येक वर्ष बड़ी मात्रा में पत्थर मिट्टी आदि बहकर भीमताल झील से निकलने वाले नाले के द्वारा बह कर गौला में पहुंच रहा है।
भूस्खलन के चलते इस पहाड़ी के नीचे बसे खैरोला गांव और पहाड़ी के ऊपर बसे ढूंगशील गांव को खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक भूस्खलन के कारण पहाड़ी से एक बड़ा हिस्सा प्रभावित हो गया है। हर वर्ष बरसात में इस पहाड़ी से और खतरा बढ़ रहा है। जहां धीरे-धीरे पहाड़ी दरक रही है वहीं भविष्य में काफी बड़ा हिस्सा गिरने का भी खतरा है। इस भूस्खलन के चलते तल्लीताल, ढूंगशील, खेरोला, सलड़ी क्षेत्र को भी खतरा है।
नगर के सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने विधायक राम सिंह कैड़ा को ज्ञापन सौंपकर बताया कि जिस जगह से ये पहाड़ी खिसक रही है। वह पहाड़ी भीमताल झील के लिये एक दीवार का कार्य करती है। इस पहाड़ी के ठीक पीछे भीमताल झील है। बरसात के दिनों में जब झील का स्तर अधिकतम होता है तब भूस्खलन वाले क्षेत्र से पानी की धाराएं भी बहती हुई लोगों को दिखाई देती हैं।
हालांकि पहाड़ी में भूस्खलन अभी प्रारंभिक अवस्था में है यदि समय रहते इसका उपचार नहीं किया गया तो नैनीताल में बलियानाले की तरह यह विकराल रूप ले सकता है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने नैनीताल जिलाधिकारी को मामले में शीघ्र अध्ययन कराकर इस पहाड़ी के रोकथाम करने के निर्देश दिए हैं।
