रुद्रपुर: किशोरों के आपसी विवाद में चली गोली, 9 वीं का छात्र घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। ऊधमसिंह नगर जिले के खेड़ा में किसी बात पर हुए विवाद के बाद बाइक सवार दो किशोरों ने ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर निवासी कक्षा 9वीं के छात्र पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली छात्र के दाहिने हाथ पर लगी और वह लहुलूहान होकर वहीं गिर गया।

फायरिंग देखकर आसपास के लोग मौके पर इक्कठा हो गए। जिसके बाद आरोपी हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। फायरिंग के बाद से मौके पर हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि दक्ष चौराहा बालाजी विहार ट्रांजिट कैंप निवासी राम रतन का 15 साल का पुत्र अमन विजडम पब्लिक स्कूल में 9वीं का छात्र है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वह घर में ही था। इसी बीच खेड़ा निवासी दो किशोर बाइक से उसके घर आए। इस दौरान वह अमन को खेलने के लिए बुला ले गए।

बताया जा रहा है कि खेड़ा में सरकारी स्कूल के पास किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया। इस पर एक आरोपी ने अमन पर तमंचे से फायर कर दिया। जिससे अमन घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। यह देख दोनों हमलावर वहां से भाग निकले।

सूचना पर रम्पुरा चौकी प्रभारी अंबी राम आर्या पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही लोगों की मदद से किशोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि किशोरों के बीच विवाद के बाद अमन को तमंचे से गोली मारी गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार