रिलायंस इंडस्ट्रीज 13 खरब की ‘मार्केट कैप’ कंपनी बनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। एशिया के सबसे अमीर मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज कर्जमुक्ति और फेसबुक और गूगल जैसी सोशल मीडिया की दिग्गजों के जियो प्लेटफॉर्म्स में साझीदार बनने से निवेशकों की पंसदीदा बनी हुई है। गुरुवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2078.90 रुपये के नये शिखर पर पहुंचा तो इसके बूते कंपनी ने देश की सबसे मूल्यवान …

मुंबई। एशिया के सबसे अमीर मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज कर्जमुक्ति और फेसबुक और गूगल जैसी सोशल मीडिया की दिग्गजों के जियो प्लेटफॉर्म्स में साझीदार बनने से निवेशकों की पंसदीदा बनी हुई है। गुरुवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2078.90 रुपये के नये शिखर पर पहुंचा तो इसके बूते कंपनी ने देश की सबसे मूल्यवान और 13 खरब रुपये से अधिक मार्केट कैप वाली पहली कंपनी बनने का श्रेय हासिल किया।

बीएसई में कारोबार की समाप्ति पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप कल के 1270480.06 करोड़ रुपये की तुलना में 36849.33 करोड़ रुपये की छलांग से 13 लाख छह हजार 329 करोड 39 लाख रुपये पर पहुंच गया। कंपनी के शेयर में आज 2060.65 रुपये पर 56.55 रुपये अर्थात 2.82 प्रतिशत की तेजी आई।

सत्र की शुरूआत में रिलायंस का शेयर कल के बंद भाव पर ही खुला और कारोबार के दौरान अच्छी उठापटक रही। नीचे में 1991.10 रुपये और ऊपर 2078.90 रुपये तक चढ़ने के बाद आज बीएसई में शेयर का बंद भाव 2060.66 रुपये पर 56.55 रुपये अर्थात 2.82 प्रतिशत अधिक रहा।

इस वर्ष मार्च के निचले स्तर 867.82 रुपये के मुकाबले शेयर 150 प्रतिशत की छलांग लगा चुका है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के पूरी तरह कर्जमुक्त होने और जियो प्लेटफॉर्म्स में फेसबुक और गूगल जैसी दिग्गजों के मोटा निवेश करने से शेयर छलांग लगा रहा है। हालांकि 15 जुलाई को रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम के बाद शेयर को कुछ झटका लगा था, किंतु वह इससे जल्दी ही उबर गया। आज के कारोबार के लिये रिलायंस इंडस्ट्रीज का अधिकतम प्राइस बैंड 2204.50 रुपये और निम्नतम 1803.70 रुपये तय किया गया था।

संवेदी सूचकांक 38140.47 अंक पर 268.95 अंक अर्थात 0.71 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। एनएसई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर का भाव 2057.80 रुपये पर 53.80 रुपये अर्थात 2.68 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। रिलायंस का आंशिक भुगतान वाले राईट इश्यू के शेयर का भाव आज बीएसई में 6.82 प्रतिशत अर्थात 75.40 रुपये बढ़कर 1180.95 रुपये और एनएसई में 1179.85 रुपये पर 74.40 रुपये अर्थात 6.73 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। इसका बाजार पूंजीकरण भी 50 हजार करोड़ से ऊपर 50033.82 करोड़ रुपए हो गया।

संबंधित समाचार