हल्द्वानी: चचेरा भाई बता कर लिंक भेजा और उड़ा ली धनराशि
हल्द्वानी, अमृत विचार। एक जालसाज ने खुद को चचेरा भाई बता कर युवती को फोन पर लिंक भेजा और हजारों की रकम पल भर में उड़ा ली। इस मामले में पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है।
जय दुर्गा कालोनी नवाबी रोड निवासी दीपा कोरंगा पुत्री खीम सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहाकि पांच दिन पहले उसके पास एक फोन आया और फोन करने वाले ने खुद को उसका चचेरा भाई बताया। उसने दीपा से कहा कि उसे फौरन 20 हजार रुपए उसके खाते में डालने हैं।
इस पर दीपा ने सहमति दे दी। जिसके बाद जालसाज ने दीपा के मोबाइल पर एक लिंक भेजा। जालसाज ने इस लिंक को खोलने के लिए कहा और जैसे ही दीपा ने लिंक को खोला तो पल भर में उसके खाते से 19 हजार 298 रुपए कट गए। ठगी का एहसास होने पर दीपा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी।
