पंडित नेहरू को संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष सहित सांसदों ने दी श्रद्धांजलि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई सांसदों ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

इस दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा शशि थरूर सहित कई अन्य सांसद मौजूद रहे । लोकसभा अध्यक्ष ने ट्वीट किया, ‘‘ भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर नमन। संसद के केंद्रीय कक्ष में उन्हें भावपूर्ण पुष्पांजलि अर्पित की।’’

गौरतलब है कि देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को हुआ था। वह कांग्रेस के एक प्रमुख नेता व स्वतंत्रता सेनानी थे। 1964 में प्रधानमंत्री पद पर रहने के दौरान उनका निधन हो गया था। नेहरू ने सबसे लंबे समय तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।

ये भी पढ़ें - दर्दनाक अंत! लिव-इन पार्टनर के शव के 35 टुकड़े किए, 18 रातों तक कई जगह लगाता रहा ठिकाने

संबंधित समाचार