अयोध्या: जिला स्तरीय किसान मेला प्रदर्शनी का डीएम ने किया शुभारंभ, फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति किसानों को किया जागरूक
अमृत विचार, अयोध्या। शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को कृषि विभाग की ओर से जनपद स्तरीय फसल अवशेष प्रबंधन एवं रबी उत्पादकता गोष्ठी व किसान मेला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिलाधिकारी नितीश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर गोष्ठी का शुभारंभ किया। गोष्ठी में पहुंचे किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही जैविक खेती के लिए भी प्रेरित किया गया। किसान मेला प्रदर्शनी में किसानों की ओर से लगाए गए फसलों की स्टाल का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया और फसलों की गुणवत्ता की जानकारी ली। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक किया है।
उन्होंने कहा कि फसल के बाद खेत में पराली को जलाने की बजाय उसे अपने आसपास गौशला में दें। इससे न केवल जानवरों का पेट भरेगा बल्कि प्रदूषण भी नहीं होगा। रबी गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को रासायनिक खेती से बचाना चाहिए और अधिक से अधिक जैविक खेती करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेती को लेकर किसानों के लिए कई योजनाएं चल रही है, जिसका लाभ उठाकर किसान अपनी आय को बढ़ा सकता है। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डा. संजय त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी ओपी मिश्र सहित कृषि विभाग के तमाम कर्मचारी व किसान शामिल रहे।
