सुल्तानपुर : प्लाईवुड फैक्ट्री में लगी आग, 25 लाख का नुकसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

12 घंटे की मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर पाया काबू, प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट बताई जा रही आग लगने की वजह 

अमृत विचार, सुल्तानपुर । थाना क्षेत्र के सेमरी रोड स्थित चमुरखा गांव में स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में रविवार की रात अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लाखों की लकड़ी व अन्य सामान जलकर राख हो गए। फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां मजदूरों व अन्य कर्मियों के साथ मिलकर घंटों बाद आग पर काबू पाया। 

कूरेभार थाना क्षेत्र के चमुरखा गांव में पंकज सिंह की प्लाईवुड की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री का संचालन कूरेभार कस्बा निवासी सुरेश कसौंधन कर रहे हैं। रविवार की देर रात अचानक फैक्ट्री पर रखे चिपड़ में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल रूप धारण कर लिया तब सो रहे चौकीदार व अन्य मजूदरों को पता चला। चौकीदार ने आग की सूचना फैक्ट्री संचालक सुरेश कसौधन को दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फैक्ट्री संचालक ने घटना की सूचना कूरेभार थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्रा को दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक बिना देर किए घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों पर मौजूद कर्मियों व ग्रामिणों की मदद से करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग लगने से फैक्ट्री में रखी लकड़ी का चीपड़ व काटने की मशीनें सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित की मानें तो आग की चपेट में आने से करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई है। 

संबंधित समाचार