हल्द्वानी: हिस्ट्रीशीटर की पार्षद मां और मनोज गोस्वामी पर एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिलाबदर हिस्ट्रीशीटर हृदयेश कुमार और मनोज गोस्वामी के बीच चल रही तकरार अब परिवार तक पहुंच गई। बीते दिनों टावर लगने का विरोध कर रहे मनोज गोस्वामी और हृदयेश की पार्षद मां विद्या देवी के बीच विवाद हो गया। दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर लेकर काठगोदाम थाने पहुंच गए। जिस पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ क्रास केस दर्ज कर लिया। 

बता दें कि उत्तरांचल कालोनी हरिपुर गांगू दमुवाढूंगा में दीप चंद्र पाठक की जमीन पर एक मोबाइल टावर लग रहा है। स्थानीय निवासी मनोज गोस्वामी टावर लगने का विरोध कर रहे हैं। क्षेत्रीय पार्षद विद्या देवी का कहना है कि लोग टावर का विरोध कर रहे हैं और इसी को लेकर दीप चंद्र पाठक ने उन्हें बुलाया था। आरोप है कि वह विरोध कर रहे लोगों को समझा रही थीं कि तभी मनोज गोस्वामी पहुंच गए और अभद्रता करने लगे।

गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। जबकि मनोज का कहना है कि टावर का विरोध कर रहे लोगों ने उन्हें बुलाया और जब वह मौके पर पहुंचे तो विद्या देवी ने उनसे गाली-गलौज की और बेटे को जान से मरवाने की धमकी दी। मनोज के साथ गईं अलका और भागवना रावत से भी बदसलूकी की। मनोज से घटना का एक लाइव वीडियो होने का दावा भी किया। रविवार रात ही दोनों पक्ष तहरीर लेकर काठगोदाम थाने पहुंच गए। काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि दोनों की तहरीरों पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

संबंधित समाचार