खटीमा: धान क्रय न होने से पहेनिया के किसानों का फूटा गुस्सा
खटीमा, अमृत विचार। क्षेत्र में खुले सरकारी धान क्रय केंद्रों में धान तौलने में दिक्कत आने से किसान भड़कने लगे हैं। सोमवार को ग्राम सभा पहेनिया के किसानों ने तहसील में धरना-प्रदर्शन कर रोष जताया। किसानों ने कहा कि क्रय केंद्र का क्रय लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है। अभी भी 20 ट्रॉली धान की आठ दिनों क्रय केंद्र में खड़ी हैं।
बता दें कि वर्तमान में अधिकांश गांवों में किसानों ने धान की फसल काट दी है। अब त्योहार के बाद किसान धान केंद्रों में बिक्री के लिए लाने लगे हैं। क्रय केंद्रों में किसानों को दिक्कत न हो इसके लिए एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट पहले दिन से ही नजर रखे हैं।
पहेनिया गांव के धान क्रय केंद्र में किसानों को दिक्कत आने पर दर्जनों किसान एसडीएम कार्यालय पहुंचे। आक्रोशित किसानों ने ग्राम प्रधान संजीव सिंह के नेतृत्व में धरना दिया। उन्होंने गांव के सभी किसानों का धान क्रय करने की मांग उठाई। किसानों के एसडीएम को संबोधित ज्ञापन में कहा कि क्रय केंद्र का लक्ष्य मात्र 6500 कुंतल रखा गया है। इस लक्ष्य को पूरा करते ही किसानों का धान नहीं तुल पा रहा है। उन्होंने लक्ष्य को 4 हजार कुंतल और बढ़ाने की मांग की है।
इस दौरान ग्राम प्रधान संजीव सिंह, वीर सिंह, राधेश्याम सिंह, भगवान सिंह, बलजीत सिंह, विजय सिंह, संजीत सिंह, गोविंद सिंह, विक्रम सिंह, रंजीत सिंह, नैन सिंह, चरन, हरीश सिंह, दीपक सिंह, भुवन सिंह, कुलदीप सिंह, राजकुमार, शुभम राणा आदि मौजूद रहे।
