अल्मोड़ा: खस्ता हालत में पहुंचा अल्मोड़ा-कौसानी मोटर मार्ग हादसों की संभावना के बाद चुप्पी साधे हैं अधिकारी
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिला मुख्यालय से विश्व प्रसिद्ध कौसानी जाने वाले मोटर मार्ग की हालत लंबे समय से खस्ता बनी हुई है। लेकिन मार्ग पर हादसों की तमाम संभावनाओं के बाद भी अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हुए हैं। जिस कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
अल्मोड़ा-कौसानी मोटर मार्ग पर प्रतिदिन सैंकड़ों वाहन आवाजाही करते हैं। लंबे समय से इस मार्ग की हालत ठीक नहीं है। इस मार्ग पर सिमनौला के पास सड़क के बीचों बीच एक कलवर्ट के टूट जाने से सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया है। जिससे यहां पर सडक़ हादसे की संभावना काफी बढ़ गई है।
जबकि अन्य अनेक स्थानों पर भी सड़क ही हालत काफी खराब है। सामाजिक कार्यकर्ता विवेक मुस्युनी ने बताया कि टूटे हुए कलवर्ट को ठीक करने के बजाय उसमें पत्थर भरवा दिए गए हैं। जिससे अब कलवर्ट से होने वाले पानी की निकासी भी बंद हो गई है। उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कई बार टूट चुके कलवर्ट और खस्ता हाल हो चुकी सड़क को दुरुस्त करने की मांग की गई लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के अलावा देश-विदेश के पर्यटक इस मार्ग से कौसानी आते-जाते हैं। ऐसे में बदहाल सड़क की सुध न लेने से सडक़ हादसों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा है कि अगर इस मार्ग को ठीक नहीं किया गया तो विभाग के अधिकारियों को कभी भी स्थानीय लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ सकता है।
