इटावा : बंदर के हमले से तीन बच्चे घायल, ग्रामीणों में दहशत
अमृत विचार, इटावा। भरथना क्षेत्र के नगला सबल गांव के बाद अब कटखने बंदर ने लहरोई गांव में भी आतंक मचा दिया है। सोमवार को बंदर ने तीन बच्चों को काट लिया। इससे पहले नगल सबल गांव में बंदर 12 बच्चों को काट चुका है। बच्चों और बुजुर्गों को बंदर से बचाने के लिए ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर घूम रहे हैं।
भरथना के लहरोई गांव के पूर्व प्रधान कृष्णकांत यादव लाला ने बताया कि सोमवार सुबह एक कटखना बंदर गांव में आ गया। घर में खेलते समय खुशी (7) पुत्री अशोक कुमार, गुंजन (6) पुत्री प्रवीण कुमार और मानवी (6) पुत्री रजनेश कुमार पर हमला बोल दिया।
इन बच्चों के हाथ में काट कर घायल कर दिया। बच्चों का शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, जिसके बाद बंदर भागा। बंदर से भयभीत गांव के लोग बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए अपने-अपने घरों और गलियों में पहरा देने पर मजबूर हैं।
इससे पहले नगला सबल गांव में 10 दिन से कटखने बंदर ने आतंक मचा रखा था। बंदर 12 बच्चों पर हमला कर चुका है। वन विभाग ने बंदर को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा भी लगाया, लेकिन वह उसमें नहीं फंसा। बंदर के डर से बुजुर्गों और बच्चों ने घर से निकलना बंद कर दिया है। एसडीएम कुमार सत्यम जीत ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियो ने से बंदर को पकड़ने के लिए कहा गया है। जल्द ही पिंजरा लगाकर बंदर को पकड़ा जाएगा।
