बहराइच : कल से पर्यटकों के लिए खुलेगा कतर्नियाघाट, कर सकेंगे बोटिंग
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विधायक करेंगी उद्घाटन
अमृत विचार, बिछिया, बहराइच। इंतज़ार खत्म, सैलानियों के लिए मंगलवार को कतरनियाघाट के द्वार खुल जाएंगे। पर्यटकों के लिए सुखद है कि क्लोज़र खत्म होने के बाद गेरुआ नदी पानी से भर दिया गया है। पर्यटक बोट सफारी का आनंद आसानी से ले सकेंगे।
जिसका उद्घाटन नोडल अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अनुपम गुप्ता और बलहा विधायक सरोज सोनकर के हाथों किया जायेगा। पर्यटकों के लिए जंगल के गेस्ट हाउस और थारू हट में वन्य जीवों के 3डी चित्रों और पुतलों से प्रकृति व्याख्या केंद्र सजाया गया है।
कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार की सैर कल 15 नवम्बर से पर्यटक कर सकेंगे। पयर्टकों के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर पर्यटन सत्र की शुरुआत हो चुकी है । वन विभाग ने पर्यटन सत्र की शुरुआत के लिए तमाम तैयारियां की हैं । पर्यटकों के लिए खुशी बात यह है कि वह इस बार उद्घाटन के दिनों से ही बोट सफारी का आनंद ले सकेंगे।
बता दें की क्लोज़र के चलते गेरुआ नदी सूखी हुई थी लेकिन दो दिन पूर्व क्लोज़र खत्म हो गया है । जिससे गेरुआ नदी फिरसे लबालब हो चुकी है । वहीं कतर्नियाघाट घूमने आने वाले सैलानियों को इस बार कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं । डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि पर्यटन सत्र का शुभारंभ नोडल अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक जैव विविधता उत्तर प्रदेश लखनऊ अनुपम गुप्ता के द्वारा कतर्नियाघाट से हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।
वन क्षेत्राधिकारी विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि कतर्नियाघाट में साफ सफाई व रंग रोंगन का कार्य कराया गया। सैलानियों के लिए कई सुविधाओं के साथ साथ वाच टॉवरों का मेंटिनेंस भी कराया जा चुका है । वहीं इस बार पर्यटक ईको अवेयरनेस सेंटर पर बने प्रकृति व्याख्या केंद्र का भी आनंद ले सकेंगे । जिसे वन्य जीवों के 3डी चित्रों से सजाया गया है। इसके अलावा थारू व्यंजन के साथ थारू संस्कृति का भी आनंद उठा सकते हैं।
