बरेली: जलवायु परिवर्तन ने घटा दिया 3.55 लाख मीट्रिक टन धान का उत्पादन
इस साल 5,55,473 हेक्टेयर पर 27,11,628 मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान
मंडल में इस साल बरसात ने किसानों को निराश किया। फसल के समय बरसात ने किसानों को पानी के लिए तरसाया, वहीं फसल तैयार होने के बाद
बरेली,अमृत विचार। मंडल में इस साल बरसात ने किसानों को निराश किया। फसल के समय बरसात ने किसानों को पानी के लिए तरसाया, वहीं फसल तैयार होने के बाद हुई बारिश ने फसल को खराब कर दिया। बीते साल के मुकाबले इस साल धान की उत्पादकता में 11 प्रतिशत से ज्यादा की कमी आई है, जिसका असर आने वाले दिनों में चावल की कीमतों पर भी पड़ेगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: 17 को लखनऊ जाएंगे बिजली अधिकारी और कर्मचारी, करेंगे कार्य बहिष्कार
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इस साल धान का क्षेत्रफल 32,797 हेक्टेयर घट गया है। दूसरी तरफ मंडल में धान की उत्पादकता में 3,55,893 मीट्रिक टन की कमी आई है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में धान का क्षेत्रफल और उत्पादन की बात करें तो बरेली में धान का क्षेत्रफल 1,32,963 हेक्टेयर व धान 5,56,659 मीट्रिक टन, बदायूं में धान का क्षेत्रफल 82,204 हेक्टेयर व धान का उत्पादन 3,38,999 मीट्रिक टन, पीलीभीत में धान का क्षेत्रफल 1,36,507 हेक्टेयर व धान का उत्पादन 6,87,221 मीट्रिक टन, शाहजहांपुर में धान का क्षेत्रफल 2,04,119 व धाना उत्पादन 11,28,848 मीट्रिक टन रहने का अनुमान लगाया गया है। यानी पूरे मंडल में लगभग 5,55,473 हेक्टेयर पर 27,11,628 मीट्रिक टन धान होने का अनुमान है। जो बीते साल के मुकाबले कम है। जबकि बीते साल की अगर बात करें तो मंडल वित्तीय वर्ष 2021-22 में धान का क्षेत्रफल 5,88,270 हेक्टेयर व 30,67,615 मीट्रिक टन धान का उत्पादन हुआ था।
बरेली में सबसे तेजी से कम हुई धान की उत्पादकता
सबसे हैरान करने वाले आंकड़े बरेली के हैं। यहां सबसे तेजी से धान की उत्पादकता बीते साल के मुकाबले घटने का अनुमान लगाया जा रहा है। बरेली में 2,01063 मीट्रिक टन धान की उत्पादकता गिरी है। पूरे मंडल में इतनी खराब स्थिति कहीं पर भी नहीं है। वहीं पीलीभीत में 72,895 मीट्रिक टन, शाहजहांपुर में 81,592 मीट्रिक टन, बदायूं में 343 मीट्रिक टन धान की उत्पादकता गिरी है।
जिलेवार बीते साल धान का क्षेत्रफल व उत्पादन
बीते साल बरेली जनपद में 1,58,450 हेक्टेयर पर 7,57,722 मीट्रिक टन धान, बदायूं में 83,588 हेक्टेयर पर 3,39,342 मीट्रिक टन धान, पीलीभीत में 1,39,872 हेक्टेयर पर 7,60,116 मीट्रिक टन धान, शाहजहांपुर में 2,06,360 हेक्टेयर पर 12,10,440 मीट्रिक टन धान का उत्पादन हुआ था। मंडल में सबसे अधिक धान का उत्पादन शाहजहांपुर और सबसे कम बदायूं उत्पादन रहा।
बारिश से धान की उत्पादकता घटी है। वहीं धान की गुणवत्ता में भी कमी आई है। हालांकि जो किसान अपना धान लेकर आ रहे हैं उनमें से अधिकतर से धान खरीदा जा रहा है। बीते दिनों धान की खरीद में भी इजाफा हुआ है-सचिन कुमार, संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी।
ये भी पढ़ें- बरेली: ट्रांसफार्मर में हुआ धमाका, तेल गिरने से कारों को पहुंचा नुकसान
