आजमगढ़ : खुराफातियों ने तोड़ी आंबेडकर की प्रतिमा, लोगों में आक्रोश
अमृत विचार,आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवई रसूलपुर गांव में सोमवार की रात कुछ खुराफातियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा को तोड़ दिया। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया है। जानकारी होने पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। हालांकि, पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
कंधरापुर थानाक्षेत्र अन्तर्गत देवई रसूलपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय नहर के नजदीक बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है। सोमवार की रात खुराफातियों प्रतिमा से छेड़छाड़ करते हुए सिर अलग कर दिया। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त पाया। इससे काफी लोग वहां जमा हो गए। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बना है।
प्रतिमा तोड़ने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। इस दौरान ग्रामीण नई प्रतिमा की स्थापना के साथ उसे चारो तरफ से कंटीले तार लगाकर सुरक्षित करने की मांग की। जिसे प्रशासन ने मांग लिया और ग्रामीण शांत हो गए।
