मुरादाबाद  : कड़ाके की ठंड में लोगों को दगा दे सकती है बिजली, विभाग की तैयारी अधूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मौसम में बदलाव के बावजूद लगातार बिजली कटौती से खुल रही तैयारी की पोल, उपभोक्ता हो रहे परेशान  

मुरादाबाद,अमृत विचार। सर्दी का मौसम आते ही बिजली विभाग बेफिक्र हो गया है। विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा जनता को कड़ाके की सर्दी में लोगों को उठाना पड़ सकता है, हालांकि विभाग की ओर से कागजी तैयारी पूरी कर ली गई है। अधिकारी पूरी तैयारी का दावा भी कर रहे हैं। इस तैयारी में महज 13 ट्रांसफार्मर बढ़ाए गए हैं। उधर इस मौसम में भी लगातार हो रही कटौती बिजली विभाग के दावों की पोल खोलने के लिए काफी है।

शहर की करीब 10 लाख आबादी को तीन उपखंडों से आपूर्ति की जाती है। शहरी क्षेत्र में कुल एक लाख 93 हजार 229 उपभोक्ता हैं। इनमें 10 किलोवाट से ज्यादा के चार हजार 263, घरेलू 1020 और औद्योगिक 1760 कनेक्शन हैं। इसके लिए नगरीय उपखंड प्रथम में 14, द्वितीय 10 और तृतीय में आठ बिजलीघर हैं। जनता को सुचारु आपूर्ति देने के लिए नगरीय क्षेत्र में अभी 2350 ट्रांसफार्मर हैं। सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। अभी एयरकंडीशनर बंद हो गए हैं, इसलिए लोड फैक्टर करीब 80 प्रतिशत रह गया है। गर्मी में यह 90 प्रतिशत तक पहुंच जाता है। लोड घटने के बाद भी ट्रिपिंग और कटौती की जा रही है।

सर्दी बढ़ने पर लोगों के घरों में हीटर और ओवन जलने लगेंगे। इससे लोड अचानक बढ़ जाएगा। इसके लिए बिजली विभाग की ओर से कोई खास तैयारी नहीं की गई है। इसका खामियाजा जनता को उठाना पड़ सकता है। विभाग की तैयारियों की पोल अभी हाल ही में देवापुर में फुंके ट्रांसफार्मर ने खोल दी थी। यहां रखा ट्रांसफार्मर सर्दी में ही जवाब दे गया। रेलवे स्टेशन रोड पर रोजाना दो से तीन घंटे की कटौती की जा रही है। बहाना फाल्ट और मरम्मत का बनाया जा रहा है। लोड बढ़ने पर बिजली विभाग के उपकरणों की हालत का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है, हालांकि अधिकारी न कागजी जंग में कमजोर हैं और न ही जुबानी जंग में, जबकि हालात यह हैं कि अभी भी तमाम स्थानों पर जर्जर लाइनें मुंह चिढ़ा रही हैं। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की हालत भी खस्ता है। 

सर्दी के लिए विभाग पूरी तरह से तैयार है। सभी लाइनों की पेट्रोलिंग कराई जा रही है। जर्जर तार और जंपरों को बदला जा रहा है। बिजली घरों की मशीनों का निरीक्षण कर लिया है। सेनिटाइजेशन के जरिए बिजली चोरी रोकने का भी प्रयास किया जा रहा है। लोड को देखते हुए शहर में 13 नए ट्रांसफार्मर लगाए हैं। इसके साथ ही 20 से ज्यादा ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।-संजय कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, नगरीय विद्युत वितरण खंड

रहमतनगर वासियों की समस्या का नहीं हो सका निस्तारण
नियमित रूप से बिल जमा करने के बाद भी तीन दिन से बिजली की समस्या झेल रहे रहमनगर गली नंबर आठ के बाशिंदों की समस्या का कोई समाधान नहीं निकल सका। बिजली विभाग के आदेश ने यहां के 50 से ज्यादा परिवारों को मुश्किल में डाल दिया है। सेनिटाइजेशन अभियान के तहत विभाग ने गली नंबर आठ में रहने वाले 50 से ज्यादा लोगों के कनेक्शन दो दिन पूर्व काट दिए थे। यह सभी उपभोक्ता मजदूर हैं और बिजली का बिल नियमित रूप से जमा करते हैं। इनमें से अधिकांश के केबल भी ठीक थे मगर बिजली विभाग के कर्मियों ने मनमानी दिखाते हुए उन्हें काट दिया। साथ ही फरमान सुना दिया कि अब केवल आर्म्ड केबल लगाने पर ही कनेक्शन जोड़ा जाएगा। आर्म्ड केबल दो से तीन हजार रुपये के बीच मिलेगी। किसी तरह परिवार की गुजर बसर करने वाले मजदूर तबके के लोगों के लिए बिजली विभाग ने यह नई मुसीबत खड़ी कर दी है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी केबल में कोई कट भी नहीं है मगर फिर भी बिजली कर्मी उसे जोड़ने के लिए तैयार नहीं है। सोमवार को बिजली विभाग ने फिर से इसी गली में सेनिटाइजेशन अभियान चलाकर रेहाना, सुल्तान, मुनाजिर, उमर समेत लगभग 50 लोगों के कनेक्शन काट दिए। इनसे भी आर्म्ड केबल खरीदने के लिए कहा गया है। इस बारे में अधीक्षण अभियंता संजय कुमार गुप्ता का कहना है कि बिजली चोरी रोकने के लिए सेनिटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बिजली के खंभों से तारों के जाल को खत्म किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से पुराने-जर्जर केबलों के स्थान पर आर्म्ड केबल लगाए जा रहे हैं। यह केबल उपभोक्ताओं को ही खरीदना होगा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : खूनी हो चुका खनन माफिया बेलगाम, रात में दौड़ा रहा अवैध डंपर

संबंधित समाचार