नैनीताल: कूड़ा निस्तारण प्लांट के मामले में एससी आयोग आया आगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। नारायण नगर में कूड़ा निस्तारण प्लांट के विरोध में बीते 17 दिनों से धरने पर बैठे नगरवासियों की शिकायत के बाद मंगलवार को नगर पालिका सभागार में अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष पीसी गोरखा ने बैठक ली। उन्होंने पालिका से लोगों का भ्रम दूर कर प्रस्ताव को दुबारा बोर्ड की बैठक में रखने को कहा।

मंगलवार को पालिका सभागार में अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष पीसी गोरखा ने नगर पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी, एसडीएम राहुल साह, अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल और कूड़ा निस्तारण प्लांट के विरोध में बैठे सभासद भगवत रावत व आंदोलनकारियों के बीच बैठक का आयोजन किया गया। सभासद भगवत रावत ने कहा कि कूड़ा निस्तारण प्लांट नारायण नगर की जगह कहीं और लगाया जाए। क्योंकि कूड़ा निस्तारण प्लांट आबादी वाले क्षेत्र में लगाया जा रहा है, जिससे कि यहां के जल स्रोत भी प्रभावित होंगे। 

इस पर गोरखा ने एसडीएम राहुल साह को निर्देश दिए कि नारायण नगर में जाकर लोगों को प्लांट की जानकारी दी जाए जिससे लोगों का भ्रम दूर हो सके। अगर तब भी लोग प्लांट के लिए राजी नहीं होते हैं तो कोई और रास्ता निकाला जाए। उन्होंने तब तक लोगों से आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने नगर पालिका से भी दुबारा इस प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सभासद मनोज जगाती, मोहन नेगी, गजाला कमाल, निर्मला चंद्रा, रेखा आर्य, ग्राम प्रधान मनमोहन कनवाल आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार