रुद्रपुर: कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से भड़के डिप्लोमा धारक युवा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। पिछले लंबे से सिडकुल की एक नामी गिरामी कंपनी के खिलाफ संघर्ष कर रहे डिप्लोमा धारक युवाओं का धैर्य कमजोर पड़ता जा रहा है। कई बार कंपनी गेट पर आंदोलन करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को हल्द्वानी कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश और कांग्रेस नेता हरीश पनेरू के साथ बड़ी संख्या में सिडकुल की कंपनी के डिप्लोमा धारक एसएसपी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर एसएसपी से कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की।

डिप्लोमा धारकों का कहना था कि वर्ष 2015 से लेकर 2017 से तत्कालीन सरकार द्वारा संचालित योजना के तहत कंपनी द्वारा सैकड़ों शिक्षित युवाओं को एक प्रशिक्षण करवाया था। जिसमें आश्वासन दिया गया था कि तीन से चार वर्ष के प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा बेहतर मानदेय पर रोजगार दिया जाएगा।

आरोप था कि जिसके चलते युवाओं ने तीन से चार साल कोर्स करने और प्रमाण पत्र मिलने के बाद नौकरी मांगी तो किसी को भी नौकरी नहीं दी गई। आरोप था कि दिए गए प्रमाण पत्रों को अन्य कंपनियों में दिखाया तो कंपनियों ने भी डिप्लोमा प्रमाण पत्र को फर्जी बताकर नौकरी देने से इंकार कर दिया। न्याय की मांग को लेकर कई बार आंदोलन किए गए लेकिन इंसाफ नहीं मिला।

आरोप था कि सैंकड़ों युवाओं को रोजगार के नाम पर फर्जी डिग्री थमाकर धोखा दिया गया है। जिसकी तहरीर पंतनगर थाने में दी गई। कई माह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उन्होंने एसएसपी से मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। यहां राकेश पांडे, भारत नेगी, प्रहलाद लखेड़ा, रोहित पांडे, प्रियंका बेलाल, मेघा देवी, गणेश राम, आनंद प्रकाश, इंदु सिंह आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार