संभल: 'यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता'
रेलवे प्रशिक्षण कॉलेज और स्टेशन का किया निरीक्षण
संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। एडीआरएम ऑपरेशन रेलवे राकेश कुमार मंगलवार को रेलवे प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे। जहां सभागार में आयोजित गोष्ठी में उन्होंने ट्रेन संचालन सहित विभिन्न जानकारी दी और अधिक सावधानियां बरतने, रेलपथ पर सुरक्षा, गति सीमा में वृद्धि, कोहरे को देखते हुए ट्रेनों के संचालन सहित अन्य कई बातों को साझा किया। साथ ही कालेज परिसर के साथ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
मुरादाबाद से पहुंचे अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) ऑपरेशन राकेश कुमार मंगलवार सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन पर अपनी टीम के साथ पहुंचे थे। स्टेशन से सीधे रेलवे प्रशिक्षण कॉलेज के सभागार में आयोजित गोष्ठी में शामिल हुए। यहां उन्होंने ट्रेनों के संचालन को लेकर सावधानियां बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा ही रेलवे की प्राथमिकता है।
उन्होंने रेल लाइन व फाटकों के सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने रेल लाइन पार करने की घटनाओं को गंभीरता से लेने और ट्रेनों के निर्बाध संचालन के लिए रेल लाइनों के साथ रिले व पैनल रूम पर विद्युत सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया। इसके बाद रेलवे प्रशिक्षण कॉलेज के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया। रेलवे प्रशिक्षण कालेज में उन्होंने माडल रूम, अंग्रेजों के जमाने के रखे इंजन आदि के साथ विश्राम गृह, मैस, कक्षाए, कम्प्यूटर कक्ष के साथ कार्यालय आदि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कालेज परिसर में कई समस्याए व कमियां सामने आईं। लगभग एक घंटे तक पूरे कॉलेज को देखा और कुछ कमियां मिलने पर उन्हें जल्द से जल्द दूर करने के लिए प्रधानाचार्य व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके बाद रेलवे स्टेशन पहुंच गए और वहां पर भी एडीआरएम ने निरीक्षण किया जो खामियां मिलीं, उनको शीघ्र दुरूस्त करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान मंडल परिचालन प्रबंधक सामान्य प्रशांत कुमार, प्रधानाचार्य मोनू लूथरा, वरिष्ठ मंडल संरक्षक अधिकारी प्रशांत शर्मा, स्टेशन अधीक्षक आशीष कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- संभल : छात्रा फरार, प्रेमी के घर पर जयपुर पुलिस का छापा, फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
