नैनीताल: ठंडी रोड के लिए बनाई गई डीपीआर को मिली मंजूरी
नैनीताल, अमृत विचार। ठंडी रोड क्षेत्र में पाषाण देवी मंदिर के समीप पहाड़ी पर हुए भूस्खलन की रोकथाम के लिए बनाई गई डीपीआर को शासन स्तर से मंजूरी मिल गई है। बीते शुक्रवार को देहरादून में हुई शासन स्तर की बैठक में राज्य तकनीकी सलाहकार समिति ने सिंचाई विभाग की ओर से ठंडी रोड के लिए बनाई गई करीब 12 करोड़ रुपये की डीपीआर को स्वीकृति प्रदान की है। उम्मीद है कि अब जल्द ही शासन से ठंडी रोड पर हुए भूस्खलन की रोकथाम के लिए बजट जारी किया जाएगा।
मालूम हो कि ठंडी रोड पर पिछले साल पहाड़ी पर भारी भूस्खलन हुआ था। इससे कुमाऊं विश्वविद्यालय के केपी छात्रावास तक भूस्खलन पहुंचने पर खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए डीएम धीराज गर्ब्याल ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को पहाड़ी का उपचार करने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष सितंबर माह में लोनिवि ने पहाड़ी की रोकथाम को लेकर अस्थाई उपचार शुरू किए। जिसमें लोहे के एंगल भूमिगत कर जियो बैग में कंक्रीट भरकर दीवार बनाई गई। लेकिन बरसात आने पर पहाड़ी पर भूस्खलन फिर से शुरू हो गया।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एके वर्मा ने बताया कि करीब 12 करोड़ की डीपीआर में ठंडी रोड से सटी पहाड़ी पर झील से लगी सुरक्षा दीवार से केपी छात्रावास तक सुरक्षा कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं। इसके तहत रिटेनिंग वॉल, वायर क्रेट्स और माइक्रो पाइलिंग का कार्य होना है।
