अयोध्या: योजनाओं के लाभ के लिए पैसे नहीं देना है :रामचंद्र 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास के लाभार्थियों को दी गई चाबी

अयोध्या, अमृत विचार। भाजपा सरकार द्वारा गरीबों को 2024 तक पक्का मकान देने की दिशा में मंगलवार को जनपद के कुछ लाभार्थियों को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चाबी सौंपी गई। साथ ही कई खातों में पहुंची पहली किश्त के लिए उन्हें स्वीकृति प्रमाण पत्र भी दिया गया। 

रुदौली प्रतिनिधि के अनुसार यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि सिर्फ उनकी सरकार है, जो कि गरीबों के उत्थान के लिए काम कर रही है। ब्लॉक सभागार में आयोजित चाबी वितरण कार्यक्रम में लाभार्थियों से कहा, किसी को भी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एक भी पैसा नहीं देना है। विधायक ने उन 71 लाभार्थियों को सम्मानित किया, जिनके खाते में योजना के तहत पहली किश्त पहुंची है। इसके बाद 18 लाभार्थियों को चाबी और पौधा सौंपा। उधर, मवई ब्लॉक में भी विधायक ने पहुंचकर 105 आवास लाभार्थियों को चाबी और स्वीकृति प्रमाण-पत्र वितरित किया। 

मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार अमानीगंज ब्लाक मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि के तौर पर मौजूद जिला पंचायत सदस्य बबलू पासी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में डेढ़ दर्जन लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं 150 लोगों को मुख्यमंत्री आवास की चाबी सौंपी गई। मिल्कीपुर ब्लॉक मुख्यालय पर 17 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं प्रथम किश्त के रूप में 40 हजार रुपए प्रदान किए गए। 13 लोगों को मुख्यमंत्री व 15 लोगों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपी गई। हैरिंग्टनगंज ब्लॉक मुख्यालय पर 72 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास स्वीकृत पत्र वितरित किया। 50 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश तथा 13 लोगों को मुख्यमंत्री आवास गृह प्रवेश के लिये चाभी वितरित की गई। 

विधायक बोले सीधा मिल रहा योजनाओं का लाभ
विकासखंड पूरा बाजार के प्रांगण में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों की चाभी व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत प्रमाण पत्र वितरण के दौरान विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। विधायक ने 60 लाभार्थियों  को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों की चाबी व मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का प्रमाण पत्र 19 लाभार्थियों को सौंपा।

संबंधित समाचार