बयानों से गड्ढामुक्त कर रही सरकार, हकीकत में नहीं: कांग्रेस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने कहा- सिर्फ दिन बढ़ा रही योगी सरकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अपने बयानों से लगातार गड्ढा भरने का कार्य कर रहे हैं। हकीकत में सरकार ना तो गड्ढे भर पा रही है और ना ही युवाओं को रोजगार दे पा रही है। यह बातें कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अशोक सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश की सड़कों को अब तक गड्ढा मुक्त हो जाना चाहिए था, खुद मुख्यमंत्री योगी ने इसके लिए 15 नवंबर की तारीख तय की थी लेकिन जैसा कि हर वादे और दावे के साथ होता है, तारीख पर तारीख देने के बाद भी गड्ढा भराई की रस्म वक्त पर पूरी न हो सकी। अब इसे 15 दिन और बढ़ा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में 4851 किमी. सड़कों का नवीनीकरण कराया जा चुका है, जबकि 6224 किमी सड़कों की विशेष मरम्मत हुई है, जो 84 प्रतिशत है। यह कागजी आंकड़ा है लेकिन हकीकत में गड्ढामुक्त करने का अभियान ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है।

उन्होंने कहा कि सड़कों पर गड्ढा और छुट्टा जानवरों की वजह से दुर्घटनाएं बढ़ गयी है, जिसमें तमाम लोग अपनी जान गवां चुके हैं। विपक्ष के द्वारा बार-बार सवाल खड़ा करने पर योगी सरकार ने सिर्फ तारीख दी। गड्ढा मुक्ति अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की खूब फजीहत हुई उसके बावजूद गड्ढा मुक्ति अभियान में कोई तेजी नहीं आई एक बार फिर अभियान की अवधि 15 नवंबर से बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गयी है।

संबंधित समाचार