चित्रकूट: शिक्षक नेता ने की मांग, मोबाइल से उपस्थिति लेने की व्यवस्था है तो जारी करें आदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट, अमृत विचार। मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम से मोबाइल द्वारा उपस्थिति मांगने संबंधी कथित व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडेय ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजा है। उन्होंने सीडीओ से अनुरोध किया है कि अगर ऐसी व्यवस्था लागू की गई है तो उसका आधिकारिक आदेश जारी किया जाए। ऐसा न होने से शिक्षकों के बीच संशय की स्थिति बनी हुई है। 

अखिलेश पांडेय ने सीडीओ को भेजे पत्र में बताया है कि बेसिक शिक्षा परिषद अंतर्गत संचालित विद्यालयों के शिक्षकों के पास रोजाना सीडीओ कार्यालय के कंट्रोल रूम के नाम से उपस्थिति संबंधी फोन काल आती है। उनका कहना है कि हालांकि इस संबंध में सीडीओ और बीएसए स्तर से किसी तरह का औपचारिक आदेश नहीं है। इससे शिक्षकों के बीच भ्रम की स्थिति है। अज्ञात काल होने से शिक्षक अक्सर फोन रिसीव नहीं करते। शिक्षक नेता का कहना है कि फोन करने वाले व्यक्ति द्वारा शिक्षक-शिक्षिकाओं से सेल्फी भी मांगी जाती है। जबकि इस तरह का शासन स्तर से आदेश नहीं प्राप्त हुआ है। 

अखिलेश ने मुख्य विकास अधिकारी से अनुरोध किया है कि यदि उनके स्तर से कंट्रोल रूम से फोन कर शिक्षकों की उपस्थिति लेने की कोई व्यवस्था की गई हो तो संबंधित फोन नंबर सहित कोई आदेश निर्गत करें, जिससे अध्यापक फोन रिसीव कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि सेल्फी संबंधी आदेश से शिक्षिकाओं की गरिमा को ठेस पहुंचने की आशंका है, ऐसे में सेल्फी मांगने पर रोक लगाने का निर्देश भी जारी किया जाए।

संबंधित समाचार