लखनऊ: जेई निलंबित, 34 लाख से ज्यादा की होगी रिकवरी, जानिये क्या है मामला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। बिजली विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त संदेश देते हुए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक भवानी सिंह खगारौत ने बलरामपुर जनपद के तुलसीपुर विद्युत वितरण खंड के अवर अभियंता हारीलाल को निलंबित करते हुए 34,84,663 रुपये की रिकवरी का आदेश दिया। वहीं तत्कालीन लेखाकार और अधिशासी अभियंता का वेतन काटने का आदेश दिया है। इसी के साथ पर्यवेक्षणीय कार्य में लापरवाही बरते वाले एक अधिशासी अभियंता को कड़ी चेतावनी भी दी गई है।

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक भवानी सिंह खगारौत ने बताया कि एक दिसंबर 2018 से 31 मई 2022 तक बलरामपुर जिले के तुलसीपुर विद्युत वितरण खंड के अवर अभियंता हीरालाल ने 34,84,663 रुपये की राजस्व की वसूली की, किंतु विभाग के खाते में जमा नहीं किया। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई गई तो मामला सही पाया गया, जिसपर अवर अभियंता हीरालाल को निलंबित कर दिया गया है। अब उनसे विभागीय राजस्व की रिकवरी की जाएगी। 

वहीं पर्यवेक्षण के कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में लेखाकार महेंद्र प्रताप सिंह का दो वर्ष और अधिशासी अभियंता बाल कृष्ण का एक वर्ष का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। जबकि अधिशासी अभियंता मनोज कुमार को पर्यवेक्षणीय कार्य में शिथिलता बरतने पर कड़ी चेतावनी दी गई है।

संबंधित समाचार